शहर में दाखिल नहीं हो पाए मोकामा विधायक अनंत सिंह...

वाराणसी: मोकामा विधायक अनंत सिंह वाराणसी शहर में दाखिल नहीं हो पाए. उनका काफिला चंदौली से चलकर वाराणसी पहुंचा तो पुलिस ने हरसेवानंद स्कूल के पास रोक लिया. अनंत सिंह का मुख्य कार्यक्रम लंका चौराहे पर पं. मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा का माल्यार्पण करना था. पुलिस के रोकने पर अनंत सिंह के समर्थकों और पुलिस में नोकझोंक हुई. पुलिस के समझाने पर अनंत सिंह काफिले के साथ हाइवे से होते प्रयागराज रवाना हो गए.
समर्थकों संग पुलिस की नोकझोंक
अनंत सिंह को प्रयागराज को पप्पू सलमान के बेटे की शादी के वलीमा में शामिल होने जा रहे थे. उन्हें शाम को प्रयागराज पहुंचा लेकिन रास्ते में समर्थकों द्वारा जगह-जगह स्वागत के लिए रुकने की वजह से वह काफी लेट हुए. अनंत सिंह को पटना से बिहटा, आरा, बक्सर, मोहनिया, चंदौली होते प्रयागराज जाना था. अनेक जगहों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया है. आरा में जेसीबी से फूल बरसाए तो बक्सर में चांदी का मुकुट पहनाया. अनंत सिंह की प्रयागराज यात्रा एक तूफानी रोड शो की तरह प्लान की गई जिससे शक्ति प्रदर्शन भी हो जाए. बिहटा, आरा और बक्सर होते हुए यह काफिला मोहनिया पहुंचा, जहां से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश किया.
चंदौली में विधायक सुशील सिंह से मिले
यूपी में सबसे पहले चंदौली में भाजपा विधायक सुशील सिंह के आवास पर उनका स्वागत हुआ. इसके बाद वाराणसी में लंका पं. मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम था. काफिला वाराणसी पहुंचने के बाद हरसेवानंद स्कूल के पास उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसे रोक लिया और घेर लिया और वहीं से प्रयागराज के लिए रवाना कर दिया. इससे पहले बिहार के विधायक अनंत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अपनी बेटी की शादी में सभी को न्योता देंगे. तेजस्वी यादव समेत सभी को बुलाएंगे.
ALSO READ: भाजपा महानगर कार्यालय में दीपावली स्नेह मिलन, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुआ मंथन...
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी पूर्व एमएलए नीलम देवी को छह साल के लिए निकाल दिया है. जेडीयू की तरफ से विधानसभा सदस्यता खत्म करने की मांग पर स्पीकर ने अनंत सिंह को सात दिन में जवाब देने का नोटिस भेजा है. वहीं सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव मर्डर केस में उनको हाईकोर्ट से मिली जमानत को सस्पेंड करते हुए 4 दिसंबर तक सरेंडर करने और जेल जाने का आदेश दिया है. बेटी की 25 नवंबर को हो रही शादी के लिए कोर्ट ने एक महीने की मोहलत दी है.



