वाराणसी के दालमंडी में चिन्हित तीन नए मकानों पर चले बुल्डोजर, पुलिस बल तैनात

वाराणसी : दालमंडी चौड़ीकरण के लिए आज सन्नाटे को चीरते हुए बुल्डोजर से ध्वस्तीकरण शुरू हुआ. तीन नये भवनों का रजिस्ट्री हो जाने के बाद तीनों भवनाें पर बुलडोजर चला. हलांकि बताया गया है कि कोई अन्य कार्य नहीं होगा. क्योंकि दाल मंडी के व्यापारियों ने कुछ दिन पूर्व वाराणसी के जिलाधिकारी से मिलकर त्योहार के बाद कार्य करने का निवेदन किया था. वहीं एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने ऑफलाइन मीडिया से बातचीत में बताया कि अभी कोई नया कार्य नहीं हो रहा है जिन मकानों की रजिस्ट्री पहले हो चुकी है उसे ही तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है.

दालमंडी में 21 के अलावा तीन और जर्जर भवनों को तोड़ा जा रहा है. नगर निगम की ओर से कार्ययोजना बनाई गई थी. दशाश्वमेध में तीन और कोतवाली जोन में 21 जर्जर भवनों को चिह्नित किया गया था. जिन पर कार्रवाई की गई. दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत प्रशासन की ओर से लगातार मुनादी कराई जा रही है. क्षेत्र में लाउड हेलर से लोगों को भवनों को तोड़ने की सूचना दी जा रही है. पूर्व में तोड़े गए मकानों के मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है.

ALSO READ :सारनाथ में नई परियोजना के निर्माण को मिली मंजूरी, इतने करोड़ हुए रिलीज
पीडब्ल्यूडी की ओर से 200 मजदूरों को लगाया गया है. जो पुराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों का मलबा हटाने में जुटे हैं. मलबा हटने के बाद सड़क के दोनों ओर चौड़ाई का आकलन किया जाएगा, ताकि आगे की कार्ययोजना तय की जा सके. दालमंडी क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया. आसपास बैरिकेडिंग कर दिया गया है. स्थानीय लोगों और व्यापारियों में मिलीजुली प्रतिक्रिया है. कुछ का कहना है कि चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं कुछ व्यापारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था और मुआवजे की मांग की है.



