काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगे द शिपिंग कारपोरेशन आफ इंडिया के प्रबंध निदेशक कैप्टन बीके त्यागी...

वाराणसी : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. 28 जुलाई को होने वाले दीक्षांत समारोह का मुख्य विषय 'विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां : विकसित भारत 2047 की आधारशिला' है. समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक द शिपिंग कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड कैप्टन बीके त्यागी होंगे.
कैप्टन त्यागी भारतीय नौवहन क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ एवं अनुभवी प्रशासक हैं. 32 वर्षों से अधिक के सेवाकाल में समुद्री परिवहन, पोत संचालन, प्रबंधन, लाजिस्टिक्स एवं वैश्विक नौवहन क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं. कैप्टन त्यागी ने शिपिंग कारपोरेशन आफ इंडिया से अपने करियर की शुरुआत की और विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए वर्तमान में देश के प्रमुख समुद्री संस्थानों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं.
ALSO READ:पहली बार बनारस में होगी स्कूल नेशनल हैंडबाल प्रतियोगिता, देश भर से चार सौ खिलाड़ी लेंगी हिस्सा ...
वे नौवहन, पोर्ट विकास, चार्टरिंग, समुद्री कानून एवं शिपिंग प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखते हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समारोह की तैयारियां की जा रही हैं. विभिन्न समितियां गठित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. तैयारियों की समीक्षा के लिए कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कोर कमेटी एवं सभी समितियों की बैठक तीन जुलाई को बुलाई है.



