पहली बार बनारस में होगी स्कूल नेशनल हैंडबाल प्रतियोगिता, देश भर से चार सौ खिलाड़ी लेंगी हिस्सा ...

वाराणसीः हैंडबाल का हब बन रहे बनारस के हिस्से में एक और उपलब्धि आई है. यहां पहली बार स्कूल नेशनल हैंडबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. इसमें देश भर की चार सौ बालिका खिलाड़ी अपना खेल दिखाएंगी. स्कूल फेडरेशन आफ इंडिया ने बुधवार को खेल कार्यक्रम जारी किया.
वाराणसी मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश कुमार सिंह के अनुसार वाराणसी में पहली बार स्कूली नेशनल हैंडबाल अंडर 17 बालिका प्रतियोगिता होगी. पांच दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता के लिए पांच कोर्ट तैयार किया जाएगा. आफिशियल और निर्णायकों से बातचीत कर प्रतियोगिता की तिथि निश्चित की जाएगी.
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में स्कूली नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता (अंडर 14) का आयोजन सफलता पूर्वक बड़ा लालपुर स्थित डा. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में किया गया. उत्तर प्रदेश हैंडबाल संघ के उपाध्यक्ष डा. एके सिंह ने बताया कि वाराणसी हैंडबाल का हब बन रहा है.
यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं. डेढ़ दशक पहले वाराणसी में अच्छे स्तर का हैंडबाल खेला जाता था. मैदान की कमी और बेहतर प्रशिक्षण के अभाव में खेल खत्म हो गया लेकिन तीन साल पहले इस खेल ने फिर गति पकड़ी. परमानंदपुर मिनी स्टेडियम, लालपुर स्टेडियम में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिला.
ALSO READ:आईएमएस-बीएचयू की शोधार्थी डॉ. प्रिया देव को मिला यूरोपीय संघ का प्रतिष्ठित साइलाइफलैब पल्स फ़ेलोशिप...
इसकी वजह से यहां से एक से बढ़कर एक खिलाड़ी निकले. इन वर्षों में तीन अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी वाराणसी के निकले और राष्ट्रीय खिलाड़ियों की संख्या 25 से अधिक है. स्कूल नेशनल के आयोजन से इस खेल के प्रति युवाओं की रूचि बढ़ेगी औऱ खेल से उनका जुड़ाव होगा.



