आईएमएस-बीएचयू की शोधार्थी डॉ. प्रिया देव को मिला यूरोपीय संघ का प्रतिष्ठित साइलाइफलैब पल्स फ़ेलोशिप...

वाराणसी : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस-बीएचयू) के न्यूरोलॉजी विभाग की सीएसआईआर पोस्ट-डॉक्टोरल फेलो डॉ. प्रिया देव का चयन यूरोप की प्रतिष्ठित साइलाइफलैब पल्स फ़ेलोशिप के लिए हुआ है. यह अंतरराष्ट्रीय फ़ेलोशिप यूरोपीय संघ के होराइज़न यूरोप प्रोग्राम के तहत मैरी स्क्लोडोव्स्का-क्यूरी एक्शन्स (एमएससीए-कोफंड) द्वारा सह-वित्तपोषित है.
डॉ. प्रिया देव वर्तमान में आईएमएस-बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग में विभागाध्यक्ष प्रो. अभिषेक पाठक के मार्गदर्शन में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध कर रही हैं. फ़ेलोशिप के तहत वह अगले तीन वर्षों तक ओरेब्रो यूनिवर्सिटी (स्वीडन) और यूरोपियन मॉलेक्यूलर बायोलॉजी लेबोरेटरी–यूरोपियन बायोइन्फॉर्मेटिक्स इंस्टीट्यूट (ईएमबीएल-ईबीआई), यूनाइटेड किंगडम में अत्याधुनिक जैव-चिकित्सीय एवं बायोइन्फॉर्मेटिक्स अनुसंधान करेंगी.
साइलाइफलैब पल्स फ़ेलोशिप यूरोप की सबसे प्रतिष्ठित पोस्ट-डॉक्टोरल फ़ेलोशिप योजनाओं में शामिल है. इसका उद्देश्य युवा वैज्ञानिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध, प्रशिक्षण, नवाचार और बहुविषयी सहयोग के अवसर उपलब्ध कराना है.
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए प्रो. अभिषेक पाठक ने कहा कि डॉ. प्रिया देव की सफलता उनकी वैज्ञानिक प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अनुसंधान के प्रति समर्पण का परिणाम है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न्यूरोलॉजी विभाग और आईएमएस-बीएचयू दोनों के लिए गर्व का विषय है तथा इससे संस्थान की वैश्विक शोध पहचान और मजबूत होगी.
ALSO READ : चोरी का मोबाइल खरीदकर दुकानदार को बेचने वाला गिरफ्तार, 15 मोबाइल बरामद...
डॉ. प्रिया देव की इस उपलब्धि को बीएचयू की शोध उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.



