चोरी का मोबाइल खरीदकर दुकानदार को बेचने वाला गिरफ्तार, 15 मोबाइल बरामद...

वाराणसी : चोर से चोरी का मोबाइल खरीदकर दुकानदार को बेचने वाले को सिगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से 15 मोबाइल बरामद किए. पुलिस मोबाइल चोरी करने वाले और उसे खरीदने वाले दुकानदार की तलाश कर रही है.
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के अनुसार प्रयागराज के बाबा जी का बाग निवासी सागर मिश्रा ने सिगरा थाना में मुकदमा दर्ज कराया था. पुलिस को बताया था वह वाराणसी घूमने आया था. वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे बैठा था इसी दौरान उसकी जेब से किसी ने मोबाइल चुरा लिया. पुलिस ने सर्विलांस की मदद से जानकारी जुटाई तो फोन का लोकेशन कैंट रेलवे स्टेशन के आसपास का मिला. इसके अलावा भी कैंट क्षेत्र के आसपास से रेलयात्रियों व पर्यटकों के मोबाइल चोरी होने की सूचना मिल रही थी.
चोर को पकड़ने के लिए पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय थी. इसी दौरान जानकारी मिली कि चोरी के मोबाइल के साथ एक व्यक्ति कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 10-11 के पास खड़ा है. पुलिस टीम ने घेरेबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया. उसकी पहचान बलरामपुर के कलांसोनपुर भितवारिया निवासी मो. शमशाद के रूप में हुई.
ALSO READ : हेडकांस्टेबल को ड्यूटी से लौटते समय मिली पत्नी की मौत की खबर, परिवार में कोहराम...
उसकी निशानदेही पर 15 मोबाइल बरामद हुए. पूछताछ में शमशाद ने पुलिस को बताया कि कैंट रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले रेलयात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के संपर्क में रहता है. उनसे औने-पौने दाम में चोरी के मोबाइल को खरीदता था और उसे लहरतारा क्षेत्र के दुकानदार को बेचते था. एक मोबाइल बेचने पर उसे दो से तीन हजार रुपये मिलते थे. उसने बताया कि अब तक 30 मोबाइल चोरों से खरीदकर दुकानदार को बेच चुका है.



