खाद्यान्न वितरण प्रणाली में बदलाव, फरवरी में गेंहू कम चावल मिलेगा अधिक

वाराणसी : कोटे की दुकानों से राशन लेने वाले कार्डधारकों को फरवरी माह में गेहूं की मात्रा कम और चावल अधिक मिलेगा. खाद्य आयुक्त के निर्देश पर शासन द्वारा खाद्यान्न वितरण प्रणाली में यह बदलाव किया गया है, जिसके तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मिलने वाली खाद्यान्न की मात्रा में संशोधन किया गया है. इसी आधार पर खाद्यान्न वितरण होगा.
नई व्यवस्था के अनुसार अंत्योदय कार्डधारकों को अब कुल 35 किलो खाद्यान्न तो मिलेगा, लेकिन इसमें गेहूं की मात्रा घटा दी गई है. पहले जहां 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल मिलता था, वहीं अब फरवरी माह में 10 किलो गेहूं और 25 किलो चावल वितरित किया जाएगा. यानी गेहूं की मात्रा में चार किलो की कटौती कर चावल की मात्रा में चार किलो की वृद्धि की गई है.
वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट/व्यक्ति मिलने वाले पांच किलो खाद्यान्न में भी बदलाव किया गया है. पहले जहां दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल मिलता था, अब एक किलो गेहूं और चार किलो चावल मिलेगा. इस प्रकार सभी श्रेणियों के कार्डधारकों को इस माह गेहूं कम और चावल अधिक दिया जाएगा.
खाद्य विभाग के अनुसार फरवरी माह के वितरण के लिए निर्धारित मात्रा में गेहूं और चावल की आपूर्ति कोटे की दुकानों पर लगभग पहुंच चुकी है और इसी अनुपात में राशन वितरण किया जाना है. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन से जितना खाद्यान्न आवंटित किया गया है, उसी के अनुसार वितरण अनिवार्य है.
ALSO READ ; सेक्स रैकेट संचालक पर युवती ने लगाया प्राइवेट वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, एफआईआर
हालांकि गेहूं की मात्रा कम होने से क्षेत्र के कोटेदारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. कोटेदारों का कहना है कि इस समय अधिकतर कार्डधारकों की मांग गेहूं की रहती है, जबकि चावल की मात्रा अधिक होने से वितरण के दौरान लोगों को समझाने में परेशानी हो सकती है. कोटेदारों का यह भी कहना है कि यदि पूरा चावल ही मिलता, तो वितरण अपेक्षाकृत आसान होता. फिलहाल खाद्य विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि फरवरी माह में राशन वितरण शासन द्वारा निर्धारित नई व्यवस्था के अनुसार ही किया जाएगा, क्योंकि उसी अनुपात में खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया है.



