गंगा के तेज बहाव में नमो घाट से बहकर चंदौली पहुंचा चेंजिंग रूम, ग्रामीण कर रहे रखवाली...

वाराणसी: काशी में नमो घाट पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए जेटी पर लगाया गया चेंजिंग रूम गंगा की तेज धार में बहकर कई किलोमीटर दूर चंदौली के कुंडा कलां गांव पहुंच गया. चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी संरचना बहकर दूसरे जिले के इलाके में पहुंचे एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से इसे वापस ले जाने की पहल नहीं हुई. गंगा में आई बाढ़ और तेज बहाव के दौरान नमो घाट के पास लगाए गए दो चेंजिंग रूम में से एक अपनी जगह से उखड़ गया और पानी के साथ बहता हुआ कोसों दूर चंदौली जिले के कुंडा कलां गांव तक पहुंच गया.
ग्रामीणों ने जब इस चेंजिंग रूम को बहते हुए देखा तो उसे सुरक्षित रखने के लिए कुंडा कलां पंप कैनाल के पास लोहे के तार से बांध दिया. ग्रामीणों के अनुसार इसे बहकर आए करीब एक महीने से अधिक समय हो चुका है. शुरुआत में गंगा का पानी अधिक होने के कारण इसे संभालना मुश्किल था, लेकिन बाद में ग्रामीणों ने इसे तार से बांधकर सुरक्षित कर दिया, ताकि यह दोबारा पानी के साथ बह न जाए और संबंधित अधिकारी या कर्मचारी जब इसे तलाशते हुए आएं तो आसानी से वापस ले जा सकें.
ग्रामीणों का कहना है कि यह चेंजिंग रूम नमो घाट पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए लगाया गया था, जहां गंगा स्नान के बाद लोग कपड़े बदल सकें.
लेकिन अब यह चंदौली के कुंडा कलां में पड़ा है, जहां न तो ऐसा कोई घाट है और न ही इस चेंजिंग रूम की वैसी जरूरत है जैसी नमो घाट पर थी.
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, चेंजिंग रूम के यहां पहुंचने के बाद से अब तक कोई अधिकारी इसे देखने या वापस ले जाने नहीं आया. ग्रामीणों ने इसे इसलिए बांधकर रखा है, ताकि सरकारी संपत्ति दोबारा गंगा में न बह जाए. उनकी मांग है कि संबंधित विभाग जल्द मौके पर पहुंचे और इसे कुंडा कलां से वापस नमो घाट ले जाकर दोबारा स्थापित करे. इस पूरे मामले ने सरकारी सुविधाओं की सुरक्षा और रखरखाव पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ALSO READ:राजमहल के बीच रास्ते से लौटने के बाद नई कवायद, गंगा की तलहटी से गाद और कठोर परत हटाएंगे
फिलहाल कुंडा कलां में ग्रामीणों द्वारा तार से बांधकर सुरक्षित रखा गया यह चेंजिंग रूम सरकारी व्यवस्था और बाढ़ के दौरान नदी किनारे बनाए गए इंतजामों की मजबूती पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है. अब देखना होगा कि संबंधित विभाग कब इस चेंजिंग रूम को यहां से उठाकर वापस नमो घाट पहुंचाता है.



