काशी से शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, सीएम करेंगे उद्घाटन...

वाराणसी : शिक्षक दिवस के अवसर पर पिछले वर्ष घोषित की गई ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ अब धरातल पर उतरने जा रही है. इस महत्वाकांक्षी योजना की औपचारिक शुरुआत आठ जुलाई को वाराणसी से होगी. खास बात यह है कि मुख्यमंत्री के हाथों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी से इसकी शुरुआत होने के साथ योजना पूरे प्रदेश में एक साथ लागू होगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं वाराणसी पहुंचकर इस योजना का उद्घाटन करेंगे. इसी के साथ प्रदेश भर के शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा. जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं.
शासन स्तर से इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बेसिक शिक्षा अधिकारी , जिला विद्यालय निरीक्षक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं.
वाराणसी में अनुमानित 12 हजार शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, एडेड विद्यालयों के शिक्षक तथा अन्य संबंधित कर्मचारी इस योजना से लाभान्वित होंगे.
बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह के अनुसार, योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए सभी पात्र कर्मचारियों को निर्धारित पोर्टल cmtcts.upsdc.gov.in पर जाकर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा.
ALSO READ:दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में युवक को फंसाने का आऱोप लगाकर महिलाओं ने थाने पर किया प्रदर्शन...
पंजीकरण के दौरान आवेदक को स्वयं के साथ अपने परिवार के सदस्यों की पूरी जानकारी दर्ज करनी होगी. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी विवरण आधार कार्ड के रिकार्ड से पूरी तरह मेल खाने चाहिए, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या असुविधा न हो. प्रशासन का मानना है कि इस योजना से शिक्षकों और उनके परिवारों को चिकित्सा खर्चों में बड़ी राहत मिलेगी और इलाज की प्रक्रिया अधिक सरल व सुगम हो जाएगी. वाराणसी में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी तेज हो गई है. योजना के शुभारंभ के साथ ही मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक करके विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे.



