CM शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में वाराणसी से एक और आरोपी गिरफ्तार, यूपी से अब तक 3 गिरफ्तारी...

वाराणसी: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में जांच एजेंसी को बड़ा सुराग मिला है. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो सीबीआई ने वाराणसी से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गाजीपुर निवासी विनय राय उर्फ पंपम के रूप में हुई है, जिसे वाराणसी के पुलिस लाइन क्षेत्र से पकड़ा गया.
बताया जा रहा है कि विनय राय का नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है और वह हथियार तस्करी के मामले में तिहाड़ जेल भी जा चुका है. सीबीआई अब उसकी भूमिका और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
चंद्रनाथ रथ की 6 मई को कोलकाता के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के कुछ दिन बाद हुई थी, जिसके बाद मामला राजनीतिक रूप से भी काफी चर्चा में रहा. जांच पहले पश्चिम बंगाल पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में मामला सीबीआई को सौंप दिया गया.
ALSO READ:घाटों पर पैदल गश्त में उतरे पुलिस आयुक्त, संदिग्धों से पूछताछ; 22 वाहन सीज़, 10.62 लाख का जुर्माना...
इस मामले में इससे पहले यूपी के मुजफ्फरनगर से राजकुमार सिंह और बलिया से एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है. अब वाराणसी से विनय राय की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है. सीबीआई का मानना है कि हत्या सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी और मामले में आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं.



