BHU में नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित, युवाओं ने दिखाई प्रतिभा.

वाराणसी : काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत यूथ कनेक्ट’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जन संप्रेषण विभाग के तत्वावधान में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने नशा मुक्ति और विकसित भारत के निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ ही समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में हरे राम कुमार रहे प्रथम
क्विज प्रतियोगिता में विधि संकाय के हरे राम कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सामाजिक विज्ञान संकाय के कुणाल कुमार दूसरे और कला संकाय के सूरज कुमार तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, चांदनी शर्मा, स्वाति पाठक और विवेक सिंह को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
निबंध लेखन में पूर्वी पंकज ने मारी बाजी
निबंध लेखन प्रतियोगिता में कला संकाय की पूर्वी पंकज ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। वसंत महिला महाविद्यालय की शुभांगी मौर्य दूसरे स्थान पर रहीं। विधि संकाय के आदित्य मणि त्रिपाठी और सामाजिक विज्ञान संकाय के अभिजीत सोनकर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा मानस राज, आदित्य कुमार और खुशी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में तुषार द्विवेदी प्रथम
भाषण प्रतियोगिता में विधि संकाय के तुषार द्विवेदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कला संकाय की सुदीक्षा अग्रवाल दूसरे और विधि संकाय के अजीत कुमार पांडे तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, शुभांगी गुप्ता, आरती कुमारी, श्वेतांक मिश्रा और लक्ष्मी गांगुली को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी होंगी प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. बाला लखेन्द्र ने बताया कि नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान के तहत इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर चयनित युवाओं को आगे की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
ALSO READ: वाराणसी में स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, 34 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में होगी बंद
उन्होंने बताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशा मुक्ति के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने का अवसर भी प्रदान करते हैं। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।



