वाराणसी में स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, 34 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में होगी बंद

वाराणसी : खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। जिले के 21 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 102 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। दोनों सीटों के लिए कुल 74,840 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 66,952 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 7,888 मतदाता शामिल हैं।
मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस तरह दोनों सीटों पर कुल 34 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतपेटियों में बंद होगा।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा और भाजपा के पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह के बीच मुकाबले पर नजरें टिकी हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव, भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा और पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
वाराणसी खंड का चुनाव आठ जिलों में हो रहा है। इसमें वाराणसी के अलावा चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया शामिल हैं। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में स्नातक और शिक्षक सीटों को मिलाकर करीब 3.23 लाख मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे।
इस चुनाव में विधानसभा चुनाव की तरह ईवीएम या प्रत्याशी के नाम के सामने मुहर लगाने की व्यवस्था नहीं है। मतदाता को मतपत्र पर अपनी पहली पसंद के प्रत्याशी के नाम के सामने निर्धारित स्केच पेन से अंक ‘1’ लिखना होगा। अन्य प्रत्याशियों को वरीयता देने के लिए क्रमशः ‘2’, ‘3’ और आगे के अंक लिखे जा सकते हैं। मतपत्र पर गलत तरीके से अंक दर्ज करने पर वोट अमान्य हो सकता है।
ALSO READ: वाराणसी में शराब की दुकानें बंद होने के दौरान अवैध बिक्री, 24 लीटर देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार.
मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 अक्टूबर को पहड़िया मंडी में मतगणना कराई जाएगी। सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू होने का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद दोनों सीटों के विजेताओं की घोषणा की जाएगी।



