क्रिकेटर यश दयाल पत्नी संग पहुंचे काशी, बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दरबार में टेका माथा

वाराणसी: भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल में अपनी गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले क्रिकेटर यश दयाल रविवार को अपनी पत्नी के साथ धर्मनगरी काशी पहुंचे. यहां उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा का आशीर्वाद लिया.
मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ी. कई प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और बातचीत भी की. यश दयाल ने भी लोगों का अभिवादन करते हुए सभी का आभार जताया.
दर्शन के बाद यश दयाल अपनी पत्नी के साथ काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, काशी की धार्मिक परंपरा और आध्यात्मिक माहौल से प्रभावित होकर दोनों ने मंदिर परिसर में काफी समय बिताया.
काशी भ्रमण के दौरान क्रिकेटर दंपति ने शहर की प्रसिद्ध गलियों और बाजारों का भी आनंद लिया. उन्होंने बनारसी संस्कृति को करीब से महसूस किया और स्थानीय बाजारों में खरीदारी भी की. बताया जा रहा है कि यश दयाल ने अपनी पत्नी के लिए दो बनारसी साड़ियां खरीदीं.
काशी की गलियों में घूमते हुए दोनों बेहद सहज अंदाज में नजर आए. स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. अपने पसंदीदा क्रिकेटर को करीब से देखकर युवाओं में खास उत्साह दिखाई दिया.
ALSO READ:तेज रफ्तार थार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, मां-बेटी की दर्दनाक मौत
धार्मिक यात्रा के बाद यश दयाल ने काशी की आध्यात्मिकता और यहां की संस्कृति की सराहना की. उन्होंने बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन को विशेष और यादगार अनुभव बताया. क्रिकेटर की यह काशी यात्रा अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है.



