चार साल से फरार 25 हजार का इनामी साइबर ठग बिहार से गिरफ्तार, एटीएम कार्ड फंसाकर की थी लाखों की ठगी...

वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा थाना पुलिस ने वर्ष 2022 से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया है. आरोपी एटीएम कार्ड फंसाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह से जुड़ा था और उसके खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था.
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन और एसीपी चेतगंज के निर्देशन में सिगरा पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार सिंह उर्फ कारू (35) पुत्र वाल्मिकी सिंह निवासी ग्राम रोशना, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार) को उसके पैतृक पते से गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2022 को बिहार निवासी पीड़िता बबी कुमारी ने सिगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि लहरतारा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. इसके बाद बैंक से मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को अंकुर सिंह बताकर कुछ समय बाद कार्ड मिलने का भरोसा दिया.
इसी बीच पीड़िता के खाते से एटीएम के जरिए चार ट्रांजेक्शन में कुल 2.19 लाख रुपये निकाल लिए गए. मामले में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.साक्ष्यों के आधार पर मनीष कुमार सिंह उर्फ कारू सहित अन्य आरोपियों की पहचान हुई. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
ALSO READ:ट्रांसफार्मर पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से गाय की मौत, लापरवाही का आरोप...
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद, सर्विलांस सेल के आरक्षी अश्वनी सिंह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रह्मदेव सिंह और आरक्षी विनय कुमार चौरसिया शामिल रहे.



