वाराणसी सहित पूर्वांचल में अर्नब चक्रवात ने मचा रखी है तबाही, आम जनजीवन प्रभावित...

वाराणसी: अर्नब चक्रवात का असर पूर्वांचल सहित वाराणसी में भी देखने को मिला. मौसम का रुख बदल गया है. तेज गति से चल रही हवाओं का रुख दो दिनों से बना हुआ है तो 24 घंटों से अधिक समय से लगातार हो रही बरसात की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. तेज हवाओं की वजह से तैयार हो चुकी फसलें जमीन पर लेट गई हैं और तैयार होने की ओर पहुंची सब्जियों की खेती को व्यापक नुकसान हो रहा है. जबकि पानी भरने की वजह से फसलें सड़ने की स्थिति आने की संभावना बढ़ गई है. इसकी वजह से किसानों को व्यापक नुकसान होना तय माना जा रहा है. खेतों में पककर तैयार धान की फसल पर संकट गहरा गया है. कहीं फसल कटाई के इंतजार में खड़ी है तो कहीं कटकर खेतों में पड़ी है.

वहीं, रबी की प्रमुख फसल आलू की बोआई की तैयारी भी प्रभावित हुई है. बारिश के साथ ठंड बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में दिनचर्या प्रभावित रही, जबकि कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई.
पिंडरा, चिरईगांव और चोलापुर क्षेत्रों में धान की फसल लगभग पककर तैयार है. ऐसे में बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है.
चोलापुर के बंतरी, धरसौना, कटारी और पटनापर के किसानों के अनुसार, कई खेतों में धान कटकर पड़ा है, जबकि अधिकांश खेतों में फसल खड़ी है. बारिश से खेतों में पानी भरने के कारण कटी फसल खराब होने की आशंका है. वहीं, गिरी हुई फसल की कटाई में भी परेशानी होगी. मौसम साफ होने के इंतजार में कटाई-मड़ाई का काम पिछड़ सकता है.
कैंट स्टेशन के पार्किंग में करंट से दो गायों की मौत
कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार स्थित वाहन पार्किंग में गुरुवार की शाम करंट की चपेट में आने से दो गायों की मौत हो गई. घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्वतः संज्ञान लेते हुए स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने संबंधित विभाग को फटकार लगाई. साथ ही फॉल्ट को तत्काल दूर कराया गया.
दरअसल, वाहन पार्किंग परिसर में बारिश के दौरान खुले तार से पानी में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से दोनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई. संयोगवश उधर से कोई यात्री नहीं गुजरा, वरना बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था. घटना को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने संबंधित विभाग को कड़ी फटकार लगाई. वहीं नगर निगम से संपर्क कर दोनों गायों के शवों का निस्तारण कराया गया.
ALSO READ: बनारस स्टेशन पर 30 और 31 अक्टूबर को ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में अस्थायी फेरबदल, यात्रीगण ध्यान दें
स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है. फॉल्ट को तत्काल दूर करा दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी.



