दालमंडी चौड़ीकरण: मुआवजा बढ़ाने की मांग लेकर वीडीए कैंप कार्यालय पहुंचे व्यापारी

वाराणसीः दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत शुक्रवार को दालमंडी क्षेत्र के दर्जनों व्यापारी और स्थानीय लोग चौक थाना परिसर स्थित वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) कैंप कार्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए अधिग्रहित की जा रही संपत्तियों के बदले दिए जा रहे मुआवजे को बढ़ाने की मांग की. व्यापारियों ने वीडीए अभियंता केके सिंह और एडीएम सिटी राजेश सिंह से मुलाकात कर कहा कि वर्तमान मुआवजा बाजार मूल्य के अनुरूप नहीं है. उनका कहना था कि वर्षों से कारोबार और आवास से जुड़े लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुआवजे की राशि बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके.
ALSO READ:दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक विजेताओं के अभिभावकों का भी होगा सम्मान
अधिकारियों ने व्यापारियों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांग और सुझाव जिलाधिकारी तक पहुंचाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि सभी पक्षों की बात उच्च अधिकारियों के समक्ष रखी जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. बैठक के बाद व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करेगा और मुआवजे के संबंध में उचित निर्णय लिया जाएगा. साथ ही उन्होंने चौड़ीकरण परियोजना के दौरान प्रभावित लोगों के हितों का विशेष ध्यान रखने की भी मांग की. दालमंडी में चौड़ीकरण के लिए भवनों को तोड़ने का काम लगातार जारी है. रास्ते पर बैरिकेडिंग लगाकर किसी के भी आने-जाने पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही वहां रहने वालों को भी एहतियात बरतने को कहा गया है. किसी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है.



