ट्राली चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी: चोलापुर क्षेत्र में रैचनपुर नहर किनारे बीते मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के शुद्धिपुर निवासी रामधनी राजभर के रूप में हुई है. जहां उसके चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं. पीड़ित परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

शव की पहचान के लिए फेसबुक पर पोस्ट की तस्वीर
जानकारी के मुताबिक, रामधनी राजभर 23 नवंबर को टेंट हाउस संचालक के आवास से निकला था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा, पीड़ित परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई जानकारी ना मिलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी. लेकिन बीते मंगलवार को चोलापुर क्षेत्र के रैचनपुर नहर किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए उसकी तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट की, जिसे देखकर परिजनों ने रामधनी की शिनाख्त की. उसका शव घर से करीब 30 किलोमीटर दूर मिला. परिजनों के मुताबिक, रामधनी घर के पास स्थित एक टेंट हाउस में ट्राली चलाता था. कुछ दिन पहले पैर में चोट लगने के कारण उसने ट्राली चलाना बंद कर दिया था. इसके बाद वह टेंट हाउस में ही रहकर काम करने लगा था, वह अक्सर घर नहीं आता था और टेंट हाउस में ही रुक जाता था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी पुलिस कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, रामधनी के तीन बच्चे हैं. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया, मृतक के बड़े भाई रामदेव राजभर ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है और मामले में कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि,. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: शहीद उद्यान पार्क के निर्माण में हुई देरी, नाराज मेयर ने ठेकेदार को लगाई जोर की फटकार



