दीवारों पर पेंटिंग बनाकर गंदा करने और अवैध पोस्टर-बैनर लगाने वालों की अब खैर नहीं

वाराणसी : शहर की खूबसूरती को बिगाड़ने वाले अवैध पोस्टर, बैनर और वाल पेंटिंग को लेकर नगर निगम बेहद गंभीर है. इस क्रम में निगम शहर में बेतरतीब अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग कर प्रचार-प्रसार करने वाली संस्थाओं और लोगों पर शिकंजा कसने का निर्णय लिया है. ऐसे में अब बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थानों और दीवारों पर पोस्टर चिपकाने या पेंटिंग करने वालों की खैर नहीं होगी.
ALSO READ : निर्माल्य से बनेगी सीएनजी, आईआईटी बीएचयू के शोधछात्र के नवाचार को मिला पेटेंट
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर की दीवारों को गंदा करने और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध होर्डिंग्स व पोस्टरों के खिलाफ जल्द ही एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत पूरे शहर से अवैध प्रचार सामग्री को हटाया जाएगा और उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाली चिन्हित संस्थाओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी. उन्होंने ऐसी सभी निजी व व्यावसायिक संस्थाओं से तत्काल अपने स्तर पर इन अवैध पोस्टर और बैनरों को हटा लेने का निर्देश दिया है. अन्यथा निगम प्रशासन इन्हें बलपूर्वक हटाएगा और इस पर आने वाला खर्च भी संबंधित संस्था से जुर्माने के रूप में वसूलेगा. नगर आयुक्त ने नागरिकों और व्यावसायिक संगठनों से काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की है. कहा कि दीवारों पर किसी भी प्रकार की पेंटिंग या पोस्टर लगाने से पहले नियमानुसार निगम से अनुमति लेना अनिवार्य है. नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आर्थिक दंड के साथ आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी.



