एक ही परिवार के मतदाताओं का न हो विभाजन, डीएम ने मतदेय स्थलों के संशोधन के संबंध में की बैठक...

वाराणसी : जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित कक्ष में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों एवं मतदेय स्थलों के संशोधन के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के साथ बैठक हुई. बैठक में प्रतिनिधियों के सुझाव लिए गए तथा ईआरओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में एक ही परिवार के मतदाताओं का विभाजन न होने पाए. सभी एसडीएम/ईआरओ अपने विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन करें और ये सुनिश्चित कराएं कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो.

सुझावों व आपत्तियों के परीक्षण के बाद ही मतदेय स्थल सूची को दें अंतिम रूप
साथ ही राजनीतिक दलों और आम जनता से प्राप्त होने वाले सुझावों व आपत्तियों का नियमानुसार बारीकी से परीक्षण करने के बाद ही मतदेय स्थल सूची को अंतिम रूप दें. उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का नियमानुसार संभाजन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के संबंध में यदि किसी मान्यता प्राप्त राजननीतिक दल के पास कोई सुझाव व आपत्तियों अथवा प्रस्ताव हो तो उसे 03 जुलाई की सायं तक जिला निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से उपलब्ध करा दें, ताकि संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नियमनुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
ALSO READ : अयोध्या में अजय राय को नजरबंद करने का विरोध, वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन...
इसके बाद मतदेय स्थलों की सूची का 04 जुलाई को आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा तथा उसकी प्रति सभी मान्यता प्राप्त राजननीतिक दलों को उपलब्ध करा दी जाएगी. इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, ई०आर०ओ० सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.



