शादी का झांसा देकर महिला का यौन शोषण, ब्लैकमेल और लाखों की ठगी करने वाला डॉक्टर गिरफ्तार...

वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी की जंसा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक विवाहित महिला का लंबे समय तक कथित रूप से यौन शोषण करने, आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव निवासी 42 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार पटेल के रूप में हुई है. वह इस मामले में वांछित चल रहा था. सोमवार को जंसा बाजार क्षेत्र में वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता एक विवाहित महिला है, जिसका अपने पति के साथ वैवाहिक विवाद न्यायालय में विचाराधीन है. महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2006 में इलाज के दौरान उसकी पहचान आरोपी से हुई थी. आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का वादा किया और इसी विश्वास में लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. बाद में महिला को पता चला कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है.
शिकायत के अनुसार, सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. आरोप है कि वह लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा, मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था. इतना ही नहीं, जमीन खरीदने के नाम पर आरोपी ने महिला से लाखों रुपये भी ले लिए. जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने पांच लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में अपर्याप्त धनराशि के कारण बाउंस हो गया.
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 21 जून 2026 को आरोपी ने उसे अपने क्लिनिक पर बुलाकर उसके साथ मारपीट की. इसके बाद पीड़िता की तहरीर पर थाना जंसा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी.
ALSO READ:काशीवासियों को बड़ी सौगात: अब पूरे दिन काशी द्वार से मिलेगा बाबा विश्वनाथ के दर्शन...
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 69 (शादी का झूठा वादा कर यौन संबंध बनाना), धारा 318(4) (धोखाधड़ी), धारा 115(2) (चोट पहुंचाना), धारा 352 (अपमान) और धारा 351(3) (जान से मारने की धमकी) के तहत कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.



