काशीवासियों को बड़ी सौगात: अब पूरे दिन काशी द्वार से मिलेगा बाबा विश्वनाथ के दर्शन...

वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले काशीवासियों के लिए मंदिर प्रशासन ने बड़ी राहत देने वाला निर्णय लिया है.अब स्थानीय श्रद्धालु पूरे दिन काशी द्वार (द्वार संख्या 4-बी) से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए प्रवेश कर सकेंगे.इस निर्णय से रोजाना दर्शन करने वाले हजारों काशीवासियों को काफी सुविधा मिलेगी.मंदिर न्यास की ओर से वर्ष 2024 में द्वार संख्या 4-बी को विशेष रूप से 'काशी द्वार' के रूप में चिन्हित किया गया था.उस समय इस द्वार से केवल सुबह 4 बजे से 5 बजे तक और शाम 4 बजे से 5 बजे तक ही काशीवासियों को प्रवेश की अनुमति थी.
अब लिए गए नए निर्णय के अनुसार काशीवासी प्रतिदिन प्रातः 4:15 बजे से रात्रि 10:45 बजे तक इस द्वार से मंदिर में प्रवेश कर बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे. यानी मंदिर खुलने के 15 मिनट बाद से लेकर मंदिर बंद होने के 15 मिनट पहले तक यह सुविधा उपलब्ध रहेगी.
ALSO READ:जंसा पुलिस को मिली सफलता दो वारंटी गिरफ्तार...
मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से स्थानीय श्रद्धालुओं को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और वे अधिक सुगमता के साथ दर्शन कर सकेंगे.हालांकि यह विशेष सुविधा केवल सामान्य दिनों में ही लागू रहेगी.महत्वपूर्ण पर्वों, विशेष तिथियों और अत्यधिक भीड़ वाले अवसरों पर यह व्यवस्था प्रभावी नहीं होगी.



