नीट व अन्य भर्ती परीक्षाओं में धांधली के विरोध में वाराणसी में मार्च करेंगी डॉ. पल्लवी पटेल...

वाराणसी : NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में 15 जून को वाराणसी में विशाल विरोध मार्च निकाला जाएगा.यह मार्च अपना दल (कमेरावादी) की शीर्ष नेता और सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में आयोजित होगा.
आयोजकों के अनुसार विरोध मार्च काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के लंका स्थित मुख्य द्वार से शुरू होकर प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय तक जाएगा.कार्यक्रम में अपना दल (कमेरावादी) के कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न छात्र एवं युवा संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे.
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि NEET पेपर लीक प्रकरण सहित लेखपाल भर्ती, यूपीएसआई, पुलिस भर्ती तथा अन्य प्रतियोगी एवं दक्षता परीक्षाओं में सामने आए कथित अनियमितताओं और धांधली के मामलों ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है.ऐसे मामलों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने के लिए यह विरोध मार्च आयोजित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक और अनियमितताओं की घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं.ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा.
ALSO READ : वाराणसी में नशा माफियाओं पर बड़ा एक्शन, आपरेशन के तहत 3.5 करोड़ की ड्रग्स नष्ट...
आयोजकों ने छात्र-युवाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है.



