घोड़ा अस्पताल में नगर निगम पार्किंग निर्माण स्थल पर बिजली चोरी, ठेकेदार पर पांच लाख का जुर्माना...

वाराणसी : पिपलानी कटरा-लहुराबीर मार्ग स्थित घोड़ा अस्पताल में नगर निगम की ओर से चल रहे पार्किंग निर्माण स्थल पर बिजली चोरी पकड़ी गई. ठेकेदार द्वारा बिना बिजली कनेक्शन लिए सीधे पोल से कटिया लगाकर बिजली का अवैध उपयोग किया जा रहा था. चौकाघाट डिवीजन के अधिशासी अभियंता कुमार सौरभ झा के निर्देश पर छापेमारी की गई. इस दौरान प्रकाश इंफ्रा के प्रोप्राइटर सुनील यादव के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है.
छापेमारी में करीब 5 से 6 किलोवाट बिजली चोरी का मामला सामने आया. बिजली विभाग ने ठेकेदार पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है. अधिशासी अभियंता कुमार सौरभ झा ने बताया कि घोड़ा अस्पताल परिसर में नगर निगम की ओर से पार्किंग का निर्माण कार्य चल रहा था. निर्माण शुरू करने से पहले फर्म ने बिजली कनेक्शन नहीं लिया था और सीधे बिजली पोल से कटिया लगाकर चोरी की जा रही थी.
ALSO READ : कुलपति ने काशी विद्यापीठ मानविकी संकाय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी विदाई...
दो महीने में दूसरा बड़ा मामला
बिजली विभाग के अनुसार, बीते दो माह में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का यह दूसरा मामला है. इससे पहले बेनियाबाग स्थित एक मस्जिद में बिजली चोरी पकड़ी गई थी. उस मामले में उपकेंद्र के अवर अभियंता समेत कई संविदा कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है. इसकी जांच चल रही है. वाराणसी जोन-प्रथम के मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने मामले में जेई और संविदा कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं.



