फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों से अधिक की GST ठगी, पंजाब से गिरफ्तार आरोपी

GST fraud of more than crores by creating fake firm, accused arrested from Punjab
वाराणसी: फर्जी फर्म बनाकर 12 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी ठगी करने के मामले में चेतगंज पुलिस ने आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है. आरोपी पंकज कुमार के खिलाफ चेतगंज थाने में जीएसटी चोरी और ठगी के दो अलग-अलग मुकदमे पहले से दर्ज थे. चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला के अनुसार, आरोपी पंजाब के बरनाला जिले के गुरु तेग बहादुर नगर गली का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस को उसकी तलाश थी, जिसके बाद टीम बनाकर पंजाब में दबिश दी गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

“सनशाइन इंटरप्राइजेज” नाम की फर्म कागजों पर पंजीकृत
मामले की जानकारी देते हुए राज्य कर विभाग (एसआईबी) रेंज-बी के अधिकारी कमलाकांत भास्कर ने बताया कि 8 अप्रैल को इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. जांच के दौरान सामने आया कि “सनशाइन इंटरप्राइजेज” नाम की फर्म कागजों पर तो पंजीकृत थी, लेकिन दिए गए पते पर कोई वास्तविक व्यापारिक गतिविधि नहीं पाई गई. जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि फर्म द्वारा जीएसटी रिटर्न में जो विवरण दाखिल किए गए थे, वे पूरी तरह संदिग्ध थे. आरोपी ने बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री के फर्जी टैक्स इनवॉइस जारी किए और जीएसटी रिटर्न में फर्जी सप्लाई दर्शाकर अन्य फर्मों को अनुचित रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ दिलाया. इस तरीके से लगभग 12 करोड़ रुपये की जीएसटी ठगी की गई.

Also Read: पीएम काशी में करेंगे 20 घंटे प्रवास, 14 किलाेमीटर का करेंगे रोड शो
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जीएसटी चोरी से संबंधित एक अन्य मामला भी दर्ज है, जिसकी जांच जारी है. प्रारंभिक पूछताछ में इस बात के संकेत मिले हैं कि इस फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है. गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में फर्जी नाम और पते पर फर्म पंजीकृत कर जीएसटी चोरी के मामलों में तेजी आई है. वर्ष 2020 के बाद से ही ऐसे कई बड़े मामलों का खुलासा हो चुका है, जिनमें करोड़ों रुपये की कर चोरी पकड़ी गई है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.

&t=1s



