वाराणसी में महिला पहलवान ने खाया जहरीला पदार्थ, बीएचयू ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम

वाराणसी : मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव (कछवांरोड) में किसी बात से क्षुब्ध होकर महिला पहलवान निधि सिंह (23) ने जहरीला पदार्थ खा लिया. बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान शुक्रवार की भोर में मौत हो गई. लंका पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. मृतका कुश्ती में पहलवानी करती रही और तीन बार सिल्वर मेडल जीत चुकी थी. परिजनों के अनुसार जहर खाने का कारण स्पष्ट नही हो सका.
मिर्जामुराद के ठटरा गांव निवासी स्व. श्रीप्रकाश उर्फ मुन्ना सिंह की पुत्री निधि सिंह बीए की छात्रा थी और वर्ष 2018 से कुश्ती लड़ रही थी. अंडर 19 के कुश्ती में वह तीन बार सिल्वर मेडल भी जीत चुकी थी. कछवां अखाड़ा से शुरुआत में जुड़ प्रैक्टिस करने के बाद वह जिले के भी अखाड़ों से जुड़कर अभ्यास कर प्रदेश स्तर पर कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में भाग लेने बाहर जाती रही. बीते बुधवार की दोपहर परिवार में हुई किसी बात पर नाराज होकर गुस्से में निधि ने घर में रखे सल्फास का सेवन कर ली. जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसने अपनी सहेली को फोन भी किया. सहेली ने पहलवान की छोटी बहन को फोन कर घटना की बात बताई. भाई शिवम आनन-फानन उसे कछवांरोड़ स्थित प्रकाश हास्पिटल में ले गए, जहां से उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया.
ALSO READ:जागृति 2026- देश के दिग्गज युवाओं का सामाजिक दिशा में करेंगे मार्ग दर्शन, IIT BHU में आयोजन
मृतका निधि के पिता श्रीप्रकाश की कई वर्ष पूर्व हादसे में ट्रैक्टर पलटने व माता ममता की बीमारी से मौत हो चुकी है. एक भाई व तीन बहनों में वह दूसरे नंबर पर रही. मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिवार का देखभाल करने वाले बुजुर्ग दादा मातादयाल सिंह और दादी श्यामा देवी रोती-बिलखती रही. सूचना मिलने पर कछवांरोड़ पुलिस चौकी प्रभारी रामचन्द्र यादव ने मृतका के घर पहुंच जांच-पड़ताल की. मिर्जामुराद थानाप्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि घटना के बाबत अभी कोई तहरीर नही मिली हैं.



