वाराणसी में वारदात के 15 दिन बाद हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों का थाने पर हंगामा

वाराणसी : वारदात के 15 दिन बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों ने बड़ागांव थाने पर हंगामा किया. स्थानीय थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी 14 वर्षीय समीर सिंह उर्फ शनि की 25 दिसंबर को दयालपुर बगीचे के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में अब तक कोई भी खुलासा न होने से मृतक किशोर के परिजन बेहद नाराज हैं. आज दोपहर, दर्जनों महिलाएं और पुरुष बड़ागांव थाने पर एकत्रित हुए और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अपनी नाराजगी जताई.
हंगामे के दौरान कुछ महिलाएं थाना परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को रोकने का प्रयास करने लगीं. इस स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया. उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. इसी बीच, घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल और एसीपी पिण्डरा प्रतीक कुमार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मृतक की मां ट्विंकल सिंह से बातचीत की और हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए 24 से 36 घंटे का समय मांगा गया. किशोर की मां ने चेतावनी दी कि यदि 36 घंटे के भीतर पुलिस उनके बेटे के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह थाना परिसर में आत्मदाह करेंगी.
ALSO READ : काशी में विशेष तांत्रिक पूजन और हवन, इन देवी देवताओं का हो रहा आह्वान
इस दौरान, महिलाओं के समूह में एक महिला हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर आई थीं और नाराजगी भी जताई. समीर सिंह की हत्या ने स्थानीय समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है. परिजनों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई में देरी से हत्यारों के पकड़े जाने की संभावना कम हो रही है.
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो इससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खडा होगा.



