सड़क विवाद में अधिवक्ताओं पर फायरिंग का आरोप, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरफ्तार

वाराणसी: लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर में प्लॉट पर रास्ते के विवाद को लेकर नारायणपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हो गई. अधिवक्ताओं का आरोप है कि सपा नेता ने जान लेने की नियत से फायरिंग की. पुलिस को घटनास्थल से पिस्टल बरामद हुई. आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने लंका थाने का भी घेराव किया. पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है.

अधिवक्ताओं का समूह गिरफ्तारी की मांग पर अड़े
अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका सीरगोवर्धन क्षेत्र के काशी पुरम कॉलोनी में प्लॉट है. साथी अधिवक्ता जलेंद्र राय के साथ प्लॉट पर पहुंचे. मिर्जापुर के नारायणपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख व सपा नेता गिरधारी पटेल अपने साथी आनंद सिन्हा, अनुराग सिंह, आनंद कुमार, पवन मिश्रा और श्वेता वर्मा के साथ रास्ते पर जाने का विरोध करने लगे. आरोप है कि इस बीच गिरधारी ने साथियों के साथ गालीगलौज की और जान लेने की नियत से पिस्टल से फायरिंग कर दी. सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं का समूह लंका थाने पहुंच गया और गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए.
![]()
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश
सूचना के बाद एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर पहुंचे. आक्रोशित अधिवक्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करवाया. लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सुरेंद्र की तहरीर के आधार पर रंगदारी, जानलेवा हमला समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मौके से कारतूस नहीं मिला है. गिरधारी पटेल को गिरफ्तार किया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही.
ALSO READ: चार जून से जुटेंगे ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि, वाराणसी में संस्कृति कार्य समूह की दूसरी बैठक



