आसमान में फाइटर विमानों की गर्जना से गूँज उठी काशी, पीएम गदगद, लाखों लोग हुए रोमांचित

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को काशी के नमो घाट पर वायु सेना के भव्य हवाई प्रदर्शन के साक्षी बनें. पीएम पुलिस लाइन से सडक मार्ग से नमो घाट पहुंचे. वहीं, एयर शो की शुरुआत ‘काशी’ फॉर्मेशन से हुई. तीन किरण विमानों ने वी आकार के फॉर्मेशन में उड़ान भरी. विमानों के पीछे निकलती तिरंगे के रंगों वाली धुएं की धारियों ने गंगा के ऊपर आसमान को अलग रंग दे दिया. घाटों पर मौजूद दर्शकों ने एक साथ उड़ते विमानों को देखकर तालियां बजाईं. फॉर्मेशन का नाम काशी की पहचान से जुड़ा होने के कारण यह प्रदर्शन स्थानीय दर्शकों के लिए खास मायने रखता था. विमान तय दूरी बनाए रखते हुए आगे बढ़े और उनकी समन्वित उड़ान ने हवाई प्रदर्शन की शुरुआत का संकेत दिया. घाटों और दूसरी ओर गंगा पार रामनगर से लोग आसमान में बनती आकृति को देखते रहे. तिरंगे की धारियां दिखाई देने पर दर्शकों की निगाहें विमानों के पीछे बन रही रंगीन रेखाओं पर टिक गईं.

सूर्यकिरण विमानों के प्रदर्शन के साथ ही वाराणसी का एयर शो समाप्त हुआ. नौ सूर्यकिरण विमानों ने आयोजन के आखिरी पलों को यादगार बना दिया. आसमान में तिरंगा फार्मेंशन करते हुए आसमान को तिरंगे से रंग दिया. विमानों के फार्मेशन ने आसमान में तिरंगा बनाया तो दर्शक उत्साहित नजर आए. सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने अपने समन्वित हवाई करतब प्रस्तुत किए. समूह में उड़ते विमानों ने गंगा के ऊपर आकृतियां बनाईं और रंगीन धुएं से आसमान में तिरंगे की छटा उभरी. नीचे घाटों और नदी के दूसरे किनारे मौजूद दर्शकों ने आसमान की ओर देखकर तालियां बजाईं. सूर्यकिरण टीम का प्रदर्शन एयर शो के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा.

काकपिट से गूंजा शुभकामना संदेश
इसके पूर्व विमान के कॉकपिट से काशी के सभी लोगों के भारतीय वायुसेना की ओर से हार्दिक शुभकामना का संदेश भी गूंजा. नमो घाट पर पीएम मोदी ने करीब एक घंटे तक वायु सेना का शौर्य देखा. इसके बाद वायु सेना के चीफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं. नमो घाट पर एयर शो के दौरान वायुसेना का शौर्य देखने के लिए पीएम मोदी की नजरें आसमान में टिकी रहींं. इस दौरान गंगा की लहरों और काशी के आसमान में वामानों ने अपने करतब दिखाए तो गंगा घाटों पर मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ता ही गया. कड़ी धूप के बीच भी लोग अड़े रहे.

सुखोई, राफेल और तेजस जैसे विमानों ने कलाबाजी दिखाई तो लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था. नमो घाट और आसपास के घाटों के साथ ही गंगा पार डोमरी घाट पर लाखों की संख्या में दर्शकों ने जमकर हूटिंग की. गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना की क्षमता और साहस का प्रदर्शन किया गया.

एयर शो पर वायुसेना का विशेष डाक टिकट जारी
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने रविवार को वाराणसी में चल रहे भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के अवसर पर विशेष डाक टिकट जारी किया. इस समारोह में वाराणसी की डाक प्रमुख भी मौजूद रहीं. एयर चीफ मार्शल ने इस मौके पर आम जनता के बीच जाकर लोगों से मुलाकात की और हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया.
नमो घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हवाई प्रदर्शन को यादगार बनाने के लिए डाक विभाग द्वारा तैयार किए गए स्मारक डाक टिकट का अनावरण किया।टिकट पर गंगा के ऊपर उड़ान भरते लड़ाकू विमानों और काशी की सांस्कृतिक छवि को दर्शाया गया है. समारोह में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे. एयर चीफ मार्शल ने कहा कि यह डाक टिकट न केवल वायुसेना की शक्ति और कौशल का प्रतीक है, बल्कि काशी की पवित्र भूमि पर आयोजित इस ऐतिहासिक एयर शो को भी अमर बनाता है. उन्होंने डाक विभाग के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति और वायुसेना के प्रति आकर्षण जगाते हैं. समारोह के बाद एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर घाट पर जमा लोगों से सीधे मुलाकात की. उन्होंने बच्चों और युवाओं से हाथ मिलाया, उनकी बातें सुनीं और उन्हें वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान लोग एयर चीफ मार्शल के आसपास जमा हो गए और उनका जोरदार स्वागत किया. कई लोगों ने सेल्फी भी ली.
ALSO READ : सेंट मैरी स्कूल के बाद 39 जीटीसी में तेंदुए की आहट, छावनी में दहशत
इस बार जुटी ज्यादा भीड़
रविवार की छुट्टी और प्रधानमंत्री की मौजूदगी ने वायु सेना के एयर शो को और भव्य बना दिया. एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को हुआ. अन्य दिनों की अपेक्षा आज ज्यादा लोग काशी के घाटों पर पहुंचे. कड़ी धूप के बावजूद लोगों के कदम पीछे नहीं हटे बल्कि डटे रहे. इस बार गंगा उस पार का नजारा भी दिव्य रहा. लाखों की संख्या में रेती पर लोग जुटे और हवाई प्रदर्शन देखकर रोमांचित हुए. लोग बनारसी अंदाज में एयर शो की कमेंट्री करते दिखाई पड़े.



