सेंट मैरी स्कूल के बाद 39 जीटीसी में तेंदुए की आहट, छावनी में दहशत

वाराणसी : कैंट थाना क्षेत्र के छावनी स्थित सेंट मैरी स्कूल परिसर के बाद अब 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर (जीटीसी) इलाके में भी उसके देखे जाने की चर्चा से दहशत फैल गई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे 39 जीटीसी क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई दिया. परिसर में मौजूद दो सैन्य कर्मियों ने उसकी घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह चकमा देकर एक बार फिर भागने में सफल रहा. लगातार दूसरे स्थान पर जंगली जानवर दिखाई देने की सूचना से छावनी क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है. लोगों को आशंका है कि तेंदुआ आसपास की झाड़ियों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर छिपा हो सकता है. हालांकि, 39 जीटीसी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं है. हालांकि मार्निंग वॉक करने वालों ने दूरी बना ली है.
ALSO READ : पुलिस लाइन से नमो घाट तक प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो, हाथ हिलाकर किया अभिवादन
गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को सेंट मैरी स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक बड़ा जंगली जानवर दिखाई देने के बाद तेंदुआ होने की आशंका जताई गई थी. इसके बाद वन विभाग और पुलिस की टीमों ने परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाश की थी. हालांकि, तलाशी के दौरान तेंदुए के पंजों के निशान नहीं मिले थे और वन विभाग ने उसकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं की थी. हालांकि वन विभाग की टीमें बराबर निगरानी कर रही हैं.



