जिलाध्यक्ष से एमएलसी और अब मंत्री पद की दहलीज पर हंसराज विश्वकर्मा, आज लखनऊ में ले सकते हैं शपथ...

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और वाराणसी से विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा का नाम उत्तर प्रदेश सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में प्रमुखता से चर्चा में है. राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में उन्हें जगह मिल सकती है और आज लखनऊ में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में वे मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं.
भाजपा संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे हंसराज विश्वकर्मा ने बूथ स्तर से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी. संगठन में उनकी सक्रियता और मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें पहले जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी और बाद में विधान परिषद सदस्य बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से आने वाले हंसराज विश्वकर्मा को भाजपा का मजबूत ओबीसी चेहरा माना जाता है.
सूत्रों के अनुसार, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने में जुटी है. इसी रणनीति के तहत पूर्वांचल और ओबीसी समाज से जुड़े नेताओं को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की तैयारी की गई है. हंसराज विश्वकर्मा का नाम इसी कड़ी में सबसे चर्चित नामों में शामिल बताया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि लखनऊ में होने वाले संभावित कैबिनेट विस्तार में कई नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है. चर्चा में चल रहे नामों में हंसराज विश्वकर्मा का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है.
काशी के भाजपा कार्यकर्ताओं और विश्वकर्मा समाज में इस खबर को लेकर उत्साह का माहौल है. समर्थकों का मानना है कि यदि हंसराज विश्वकर्मा को मंत्रिमंडल में स्थान मिलता है तो यह वाराणसी और पूर्वांचल के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि होगी.



