Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

गरीब बच्चों की पढ़ाई का सहारा बनीं संतोषी शुक्ला

Sep 05, 2026, 03:05 AM
|
Posted By Niharika dwivedi

वाराणसी। आर्थिक तंगी और मुफलिसी के बीच कई बच्चों के लिए पढ़ाई का सपना अधूरा रह जाता है। खासकर स्लम बस्तियों में रहने वाले परिवारों के सामने रोजी-रोटी की चिंता इतनी बड़ी होती है कि बच्चों की शिक्षा पीछे छूट जाती है। ऐसे ही जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने का बीड़ा दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान की संचालिका संतोषी शुक्ला ने उठाया है। वह न सिर्फ बच्चों को शिक्षा उपलब्ध करा रही हैं, बल्कि उनके अभिभावकों को भी घर-घर जाकर यह समझाने का प्रयास करती हैं कि बच्चों का भविष्य बनाने के लिए पढ़ाई कितनी जरूरी है।


2012 से की शुरुआत आज 500 बच्चों को दे रहे निशुल्क शिक्षा

दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान की शुरुआत वर्ष 2012 में लहुराबीर में पहली शाखा से हुई थी। हालांकि बाद में वहां बिल्डिंग बनने के कारण कोचिंग बंद हो गई। इसके बाद संस्था की ओर से हुकुलगंज और पंचकोशी पड़ाव समेत तीन स्थानों पर शिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। वर्तमान में इन तीनों शाखाओं में करीब 500 बच्चे पढ़ रहे हैं। बच्चों को पढ़ाने के लिए संस्था में आठ शिक्षक कार्यरत हैं।

संतोषी शुक्ला बताती हैं कि जरूरतमंद बच्चों के लिए कुछ करने की इच्छा ने उन्हें इस काम की ओर प्रेरित किया। उनके शिक्षण केंद्रों में स्लम बस्तियों के अलावा मुस्लिम और अन्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी पढ़ने आते हैं। इन परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना आसान नहीं होता। कई बच्चे पढ़ना तो चाहते हैं, लेकिन आर्थिक परिस्थितियां और पारिवारिक जिम्मेदारियां उन्हें स्कूल या कोचिंग तक पहुंचने से रोक देती हैं।


सबसे बड़ी चुनौती बच्चों को पढ़ाना नहीं, अभिभावकों को समझाना है।

संतोषी शुक्ला कहती हैं कि स्लम इलाकों में काम करते समय कई बार बच्चों से ज्यादा उनके माता-पिता और अभिभावकों को समझाने की जरूरत पड़ती है। संस्था की टीम घर-घर जाती है, परिवारों से बातचीत करती है और उन्हें समझाती है कि बच्चों को पढ़ाई के लिए नियमित रूप से भेजना जरूरी है। कई बार अभिभावकों को यह समझाने में समय लगता है कि आज बच्चे की पढ़ाई पर किया गया प्रयास ही आगे चलकर उसके भविष्य को बेहतर बना सकता है।


ALSO READ : शिक्षा संकाय में भव्य जन्माष्टमी समारोह, झांकियों में दिखी कृष्ण की बाल-लीला से गीता उपदेश तक की झलक


वह बताती हैं कि कई ऐसे बच्चे भी हैं जो पढ़ना चाहते हैं, लेकिन किसी कारण से शिक्षण केंद्र तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे बच्चों तक पहुंचने और उन्हें पढ़ाई से जोड़ने की भी पूरी कोशिश की जाती है। संस्था का उद्देश्य सिर्फ बच्चों को कक्षा में बैठाना नहीं, बल्कि उन्हें लगातार पढ़ाई से जोड़े रखना और उनके भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करना है।

फिलहाल बाढ़ के कारण भी बच्चों की संख्या प्रभावित हुई है। कई स्लम बस्तियों और गरीब परिवारों के घर बाढ़ से प्रभावित हैं, जिसके चलते बच्चे नियमित रूप से पढ़ने नहीं आ पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में भी संस्था की टीम अभिभावकों से संपर्क कर रही है और बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

संतोषी शुक्ला का कहना है कि बच्चे का भविष्य उसकी आर्थिक स्थिति देखकर तय नहीं होना चाहिए। हर बच्चे को शिक्षा पाने का अधिकार है। इसी सोच के साथ संस्था लगातार उन बच्चों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिनके लिए पढ़ाई आज भी किसी चुनौती से कम नहीं है। उनके लिए यह पहल सिर्फ कोचिंग चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन परिवारों में शिक्षा के प्रति भरोसा पैदा करने की कोशिश है, जहां परिस्थितियों के कारण बच्चों की पढ़ाई अक्सर बीच में छूट जाती है।

सुब्रतो कप में यूपी का दम दिखाएगी वाराणसी की टीम
सुब्रतो कप में यूपी का दम दिखाएगी वाराणसी की टीम
वाराणसी : मैदान वही होगा, मुकाबला अंतरराष्ट्रीय स्तर का और चुनौती देश-विदेश की टीमों से. ऐसे में वाराणसी के युवा फुटबॉलरों के पास अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मौका है. 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में विकास इंटर कॉलेज की अंडर-17 बालक टीम उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी. नई दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम में 15 सितंबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिता के लिए टीम 13 सितंबर को रवाना होगी.प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए विकास इंटर कॉलेज की टीम ने जमकर पसीना बहाया है.शुक्रवार को 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर में खिलाड़ियों को कोच रशीद अनवर ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, पासिंग, गोल करने की क्षमता, फिटनेस और मैच की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया.चिप शॉट से थ्रू पास तक पर जोरप्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को मैच की छोटी-छोटी बारीकियों से रूबरू कराया गया. विपक्षी खिलाड़ी को चकमा देकर चिप शॉट कब और किस स्थिति में लगाना है, इसका विशेष अभ्यास कराया गया. इसके अलावा साइड पास और थ्रू पास के दौरान गेंद की गति, दिशा और समय का ध्यान रखने की तकनीक भी सिखाई गई.मैच के दौरान अगर मुकाबला बराबरी पर खत्म होता है तो पेनल्टी शूटआउट भी निर्णायक हो सकता है. इसे देखते हुए खिलाड़ियों को पेनल्टी शूट लेने की तकनीक के साथ मानसिक रूप से दबाव संभालने का भी अभ्यास कराया गया. टीम प्रबंधन ने संभावित पेनल्टी शूटआउट के लिए खिलाड़ियों की भूमिका और क्रम पर भी तैयारी की है.ALSO READ : पिता की नगरी में विराजेंगे पुत्र गजानन, सोमवार को स्थापित होगी लालबाग के राजा की प्रतिमूर्तिउत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने से टीम के खिलाड़ियों में खासा उत्साह है. 15 दिन के शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने कठिन अभ्यास के साथ टीम गेम पर भी विशेष ध्यान दिया। अब टीम दिल्ली में अपने प्रदर्शन को लेकर तैयार है.विकास एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एके सिंह ने कहा कि टीम ने प्रतियोगिता के लिए पूरी मेहनत की है. हमारा प्रयास है कि खिलाड़ी दिल्ली में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और उत्तर प्रदेश के साथ वाराणसी का नाम भी रोशन करें.
पिता की नगरी में विराजेंगे पुत्र गजानन, सोमवार को स्थापित होगी लालबाग के राजा की प्रतिमूर्ति
पिता की नगरी में विराजेंगे पुत्र गजानन, सोमवार को स्थापित होगी लालबाग के राजा की प्रतिमूर्ति
वाराणसी : काशी में एक बार फिर महाराष्ट्र की गणेश भक्ति की झलक देखने को मिलेगी। श्रीकाशी मराठा गणेश उत्सव समिति की ओर से 18वां श्रीगणेश उत्सव सोमवार से ठठेरी बाजार स्थित शेरवाली कोठी में शुरू होगा। पांच दिवसीय उत्सव के पहले दिन मुंबई के सुप्रसिद्ध लालबाग के राजा की प्रतिमूर्ति को मराठी परंपरा के अनुसार विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद स्थापित किया जाएगा। प्रतिमूर्ति रविवार को मुंबई से वाराणसी पहुंचेगी। आयोजन स्थल को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है।सोमवार को सुबह गणेश भगवान की स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ उत्सव की शुरुआत होगी। सुबह और रात नौ बजे महाआरती होगी। शाम छह बजे सुप्रसिद्ध भजन गायिका पूजा पांड्या भजनों की प्रस्तुति देंगी। इसके बाद शाम सात बजे जय पांडेय अपने साथियों के साथ भजन प्रस्तुत करेंगे।15 सितंबर को सुबह महाआरती के बाद शाम पांच बजे फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और छह बजे 15 वर्ष तक के बच्चों की डांस प्रतियोगिता होगी। 16 सितंबर को शाम पांच बजे चित्रकला, छह बजे मेहंदी प्रतियोगिता और रात आठ बजे कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम होगा। 17 सितंबर को शाम पांच बजे हल्दी-कुमकुम, छह बजे विजय वाल्मीकि ग्रुप की झांकी और शाम 7:30 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज सम्मान समारोह आयोजित होगा।ALSO READ : तिब्बती चिकित्सा ग्लोबल वेलनेस इंडस्ट्री का बनेगी हिस्सा: राष्ट्रीय संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने जताई उम्मीद.18 सितंबर को सुबह नौ बजे महाआरती के बाद दोपहर 12 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा में महाराष्ट्र से आया 80 सदस्यीय दल विशेष प्रस्तुति देगा। समिति के अनुसार छह फीट ऊंची प्रतिमूर्ति मिट्टी और प्राकृतिक रंगों से तैयार की गई है।समारोह के संचालन के लिए समिति में वरिष्ठ संरक्षक माणिक राव पाटिल, संरक्षक संतोष पाटिल व सुहास पाटिल, अध्यक्ष आनंद राव सूर्यवंशी, महामंत्री अन्ना मोरे, कोषाध्यक्ष हनुमान शिंदे, उपाध्यक्ष रवि सेठ, कार्यक्रम संयोजक चक्रवर्ती विजय नावड़ और मीडिया प्रभारी डॉ. कैलाश सिंह विकास समेत अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। समिति ने श्रद्धालुओं से पांच दिवसीय गणेश उत्सव में शामिल होने की अपील की है।
तिब्बती चिकित्सा ग्लोबल वेलनेस इंडस्ट्री का बनेगी हिस्सा: राष्ट्रीय संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने जताई उम्मीद.
तिब्बती चिकित्सा ग्लोबल वेलनेस इंडस्ट्री का बनेगी हिस्सा: राष्ट्रीय संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने जताई उम्मीद.
वाराणसी। केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान, सारनाथ, सेंट्रल काउंसिल ऑफ तिब्बतन मेडिसिन और केंद्रीय तिब्बती प्रशासन, धर्मशाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन अतिश सभागार में हुआ। समापन सत्र में विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई कि करीब 2500 वर्ष पुरानी तिब्बती चिकित्सा पद्धति सोवा-रिग्पा आने वाले समय में वैश्विक वेलनेस इंडस्ट्री का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकती है। इसके लिए चिकित्सा पद्धति को वैज्ञानिक प्रमाण, मानकीकरण और संसाधनों के संरक्षण के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।संस्थान की कुलसचिव डॉ. सुनीता चंद्रा ने कहा कि संस्थान के लिए यह बड़ी उपलब्धि है कि राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी का आयोजन यहां हुआ। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में भारत सरकार ने सोवा-रिग्पा को आयुष की छठी स्वतंत्र चिकित्सा पद्धति के रूप में मान्यता दी। इससे पहले इसका प्रयोग मुख्य रूप से लद्दाख, लाहौल-स्पीति, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, दार्जिलिंग और धर्मशाला जैसे हिमालयी क्षेत्रों में होता था।उन्होंने बताया कि सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में 45 बेड का यूथोक सोवा-रिग्पा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय तैयार हो चुका है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि कैंसर, ऑटोइम्यून और मेटाबॉलिक जैसी बीमारियों में केवल एलोपैथी पर निर्भरता पर्याप्त नहीं है। ऐसे में तिब्बती चिकित्सा का ‘मन-शरीर-आत्मा’ आधारित समग्र दृष्टिकोण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।मानकीकरण से बढ़ेगी दवाओं की विश्वसनीयतामुख्य वक्ता सेंट्रल काउंसिल ऑफ तिब्बतन मेडिसिन, धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. थुपतेन कुनफेल ने कहा कि सोवा-रिग्पा अब केवल तिब्बती समुदाय की चिकित्सा पद्धति नहीं रह गई है, बल्कि इसे भारत की ज्ञान परंपरा के रूप में भी देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इसे सिद्धा पद्धति के साथ आयुष कॉलेजों में पढ़ाया जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित अमची चिकित्सक तैयार होंगे।उन्होंने कहा कि इस चिकित्सा पद्धति के सामने सबसे बड़ी चुनौती दवाओं का मानकीकरण रही है। अब लेह और वाराणसी स्थित संस्थानों में फार्माकोपिया, क्वालिटी कंट्रोल लैब और हर्बल गार्डन विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। इससे दवाओं की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा भविष्य में इनके निर्यात की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।डॉ. कुनफेल ने कहा कि सोवा-रिग्पा को भविष्य में एलोपैथी के विकल्प के तौर पर नहीं, बल्कि उसके पूरक चिकित्सा पद्धति के रूप में देखा जाना चाहिए। खासकर क्रॉनिक और लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों में इसकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।ALSO READ : सिंधु घाटी और मेसोपोटामिया के बीच सिर्फ व्यापार नहीं, डीएनए का भी नाता था: प्रो. ज्ञानेश्वर चौबेजीवनशैली में सुधार को बताया भविष्य की पहली दवासमापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. वांगचुक दोर्जे नेगी ने कहा कि आधुनिक दुनिया लंबे समय तक चलने वाले तनाव, चिंता, ऑटोइम्यून समस्याओं और असंतुलित जीवनशैली से जूझ रही है। ऐसे में केवल एक अंग के इलाज के बजाय शरीर को समग्र रूप से स्वस्थ रखने का दृष्टिकोण जरूरी है।उन्होंने कहा कि तिब्बती चिकित्सा का भविष्य किसी एक दवा में नहीं, बल्कि उसके समग्र दृष्टिकोण में है। भविष्य की चिकित्सा केवल मशीनों की रिपोर्ट पर निर्भर नहीं होगी, बल्कि जीवनशैली भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। आहार और व्यवहार में सुधार के साथ औषधि एवं बाह्य उपचार के माध्यम से स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया जाना चाहिए।कार्यक्रम में सोवा-रिग्पा विभागाध्यक्ष डॉ. टाशी दावा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संकाय प्रमुख डॉ. दोर्जे दमदुल ने किया। समापन सत्र में देश के विभिन्न हिस्सों से आए सैकड़ों प्रतिभागियों ने सहभागिता की।