हौज कटोरा क्षेत्र को मिलेगी सीवर समस्या से राहत 46.63 लाख की लागत से बिछेगी नई लाइन...

वाराणसी: वाराणसी के आदि विशेश्वर वार्ड अंतर्गत हौज कटोरा क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलने वाली है. क्षेत्र में 835 मीटर लंबी नई सीवर लाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया गया है. इस परियोजना पर 46.63 लाख रुपये की लागत आएगी.
मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने हौज कटोरा क्षेत्र का दौरा कर सीवर लाइन परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया. नगर निगम के अनुसार यह कार्य क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सीवर संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कराया जा रहा है.
नगर निगम ने बताया कि नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है. इसी क्रम में हौज कटोरा क्षेत्र में नई सीवर लाइन बिछाने की योजना को अमल में लाया जा रहा है.
शिलान्यास कार्यक्रम में उपसभापति नरसिंह दास सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. क्षेत्रवासियों ने परियोजना को लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
ALSO READ:नौ महीने काम, फिर भी नहीं मिला मेहनताना, महिला ने दर्ज कराई शिकायत
नगर निगम का कहना है कि नई सीवर लाइन के निर्माण के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को सीवर जाम तथा ओवरफ्लो जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी.



