जमीन के नाम पर हेड कांस्टेबल से लाखों की ठगी, दो पुलिसकर्मियों पर भी रकम लेने का आरोप

वाराणसी : जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर हेड कांस्टेबल से 10 लाख रुपये की ठगी और रकम मांगने पर धमकी देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में कैंट थाने में गौरव गुप्ता समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिसलाइन में तैनात आरक्षी द्विविजय यादव और आरक्षी दीपक कुमार पर भी जमीन की कीमत के नाम पर पांच-पांच लाख रुपये अपने खातों में लेने और रजिस्ट्री कराने का भरोसा देने का आरोप लगाया गया है.
मुख्य आरोपी कस्तूरी इंफ्रा के गौरव गुप्ता के खिलाफ पहले से 12 ठगी के मामले दर्ज हैं. चंदौली में यूपी-112 में तैनात हेड कांस्टेबल ब्रिजेश वर्मा ने पुलिस को बताया कि वाराणसी में तैनाती के दौरान उनकी पहचान अशोक विहार कॉलोनी, पहड़िया निवासी गौरव गुप्ता से हुई थी. आरोप है कि गौरव ने जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करने की बात कहते हुए मुर्दहा चौकी के पीछे एक प्लॉट दिखाया और उसकी कीमत 20 लाख रुपये बताई. 28 अगस्त 2024 को मकबूल आलम रोड कार्यालय में सौदे के लिए 4.99 लाख रुपये अग्रिम दिए गए. 5-5 लाख दोनों आरक्षी को दिए गए. इसके बाद आरोपियों ने न फ्लैट दिलाया न पैसे वापस किए. कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि आरोपी गौरव, पवन, आरक्षी दीपक, द्विविजय और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
ALSO READ : गुजरात से काशी पहुंचा श्रद्धा का संदेश, कलश लेकर बाबा विश्वनाथ धाम पहुंची महिलाओं ने किया जलाभिषेक
केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी
केवाईसी अपडेट के नाम पर साइबर जालसाजों ने अनिल कुमार जायसवाल से 1.36 लाख रुपये की ठगी की है. ठगों ने बैंक में जमा एक लाख रुपये की एफडी भी कैश करा ली. इस संबंध में पीड़ित ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. वाराणसी के पांडेयपुर निवासी अनिल कुमार जायसवाल ने पुलिस को बताया कि साइबर ठग ने खुद को यूको बैंक का कर्मचारी बताया. केवाईसी अपडेट करने के बहाने उनसे आधार और डेबिट कार्ड की जानकारी हासिल की. थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. किसी को भी फोन पर अपने बैंकों के विवरण नहीं बताए. ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें.



