वाराणसी में हिमांशु नागपाल की विदाई, शाश्वत त्रिपुरारी संभालेंगे नगर आयुक्त की कमान...

वाराणसी : विधानसभा चुनाव की घोषणा से पूर्व उत्तर प्रदेश में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल का असर अब वाराणसी नगर निगम पर भी दिखाई देगा. प्रदेश सरकार ने 38 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल का तबादला गाजियाबाद नगर आयुक्त पद पर कर दिया है. वहीं, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है. इस बदलाव के बाद वाराणसी नगर निगम की प्रशासनिक कमान अब नए अधिकारी के हाथों में होगी.
हिमांशु नागपाल को मिली यह जिम्मेदारी
वाराणसी में नगर आयुक्त के पद पर तैनात रहे हिमांशु नागपाल को अब गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है. उनके स्थान पर गाजियाबाद के नगर आयुक्त रहे विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इस तरह नगर निगम के शीर्ष प्रशासनिक पदों पर दोनों शहरों में बदलाव किया गया है.
कौन हैं नवनियुक्त नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी
शाश्वत त्रिपुरारी 2021 बैच के इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस ऑफिसर हैं. उनके पास इंडियन एग्रीकल्चरल रिसर्च इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री है. शाश्वत त्रिपुरारी इससे पहले गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर कार्यरत थे. अब उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उनके सामने शहर की नागरिक सुविधाओं, साफ-सफाई, जल निकासी, सड़क व्यवस्था और शहरी विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रशासनिक जिम्मेदारी होगी.
यूपी में 38 IAS अधिकारियों का तबादला
उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 नवंबर की रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 38 IAS अधिकारियों को नई तैनाती दी है. इस बदलाव में पांच जिलों के जिलाधिकारी, कई मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त और विकास प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. लखनऊ विकास प्राधिकरण से लेकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद, अयोध्या और वाराणसी तक प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. इस फेरबदल में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिली हैं.
ALSO READ : आईआईटी बीएचयू की रिपोर्ट पर टिका बेनिया कॉम्प्लेक्स का भविष्य, टूटेगा या मिलेगी राहत...
वाराणसी नगर निगम के सामने होंगी नई चुनौतियां
वाराणसी तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल है. यहां बढ़ती आबादी, यातायात, सीवर और पेयजल व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, स्वच्छता और शहर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाना नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं. ऐसे में नए नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी के कार्यभार संभालने के बाद शहर की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों पर सबकी नजर रहेगी.
गोरखपुर सीडीओ से काशी में नगर आयुक्त के पद पर आ रहे शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि मेरी प्राथमिकता जनता की समस्याओं के निस्तारण की होगी. इसके अलावा स्वच्छता और स्थानीय समस्याओं पर फोकस रहेगा. महादेव की नगरी में मेरी पहली पोस्टिंग है. मैं सबसे पहले यहां की जनता की समस्याओं को जानूंगा इसके बाद उनका निस्तारण करूंगा. कोई भी किसी समस्या पर संपर्क कर सकता है.



