वाराणसी में मां के साथ सोया था दुधमुंहा, रजाई में दम घुटने से मौत

वाराणसी : मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में शुक्रवार की सुबह मात्र 25 दिन के दूधमुहे बच्चे की रजाई में दम घुटने से मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया. बताते हैं कि बेनीपुर के राहुल कुमार की दो साल पहले सुधा देवी से शादी हुई थी. अभी 25 दिन पहले ही दंपती को पहली संतान की प्राप्ति हुई. बच्चे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल था. अभी बरही बीती ही थी. बच्चे के जन्म की खुशी ऐसी कि अभी भी घर में सोहर गीत गाये जा रहे थे. घर में बच्चे का आगमन क्या हुआ मानो परिवार के खुशियों का दामन भर गया था.
परिजनों को सुबह हुई जानकरी
गुरुवार रात मां ने अपने बच्चे को दूध पिलाया और छाती से चिपका कर सुला लिया. ठंड ज्यादा होने की वजह से मां ने बच्चे के साथ रजाई ओढ ली थी. मां को गहरी नींद लग गई और इसी दौरान बच्चा रजाई से दब गया. सुबह मां उठी तो देखा कि बच्चा अचेत है. उसने बच्चे को उठाया तो शरीर में कोई हरकत नही दिखी. मां रोने लगी और शोर मचाकर परिवारवालों को बुलाया. आनन-फानन परिजन बच्चे को लेकर तुरंत मोहनसराय स्थित एक निजी अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्चे की मौत हो चुकी है.
ALSO READ : मियाद खत्म होते ही दालमंडी में बढ़ी हलचल, नए साल में ध्वस्तीकरण की तैयारी
परिवार में कोहराम
इतना सुनते ही मां-बाप और परिवार के लोग हतप्रभ रह गए. वे बदहवास होकर वहीं अस्पताल परिसर में ही बच्चे को सीने से चिपका कर रोने-बिलखने लगे. इसके बाद बच्चे को घर लाया गया. लोगों को पता चला तो दरवाजे पर भीड़ लग गई. बच्चे का जाना परिवार को ही नही गांव वालों को भी खल गया. पिता राहुल ने बताया कि शादी के तीसरा साल होने जा रहा है. पहली संतान प्राप्त होने से परिवार खुशियां मना रहा था, लेकिन भगवान की शायद कुछ और ही मंजूर था. परिवार की महज 25 दिन की खुशियां कोहराम में बदल गई. छोटे बच्चे का शव लोग नही जलाते, इसलिए उसे ले जाकर विधि-विधान के साथ गंगा में प्रवाहित कर दिया.



