अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: काशी विश्वनाथ मंदिर में महिलाओं के लिए VIP व्यवस्था

वाराणसी: काशी विश्वनाथ धाम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस बार 8 मार्च 2026 को सभी महिलाओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है. इस विशेष व्यवस्था के अंतर्गत द्वार संख्या 4-बी से सभी महिलाओं को, चाहे वे काशी की निवासी हों या बाहर से आई हों, निःशुल्क प्रवेश प्रदान किया जाएगा. इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन का लाभ उठाने का अवसर मिलेगा.

मंदिर के अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि इस व्यवस्था में गोद में बच्चों को लिए हुए सभी महिलाओं (चाहे बालक हो या बालिका) को प्राथमिकता दी जाएगी. इन महिलाओं को विशेष रूप से दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इसके लिए किसी प्रकार का टिकट या शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे सभी माताएं और महिलाएं बिना किसी बाधा के भगवान के दर्शन कर सकें. उल्लेखनीय है कि प्रातःकाल 4:00 से 5:00 बजे तथा सायंकाल 4:00 से 5:00 बजे तक का समय काशीवासियों के लिए आरक्षित रहेगाृ. इस दौरान पूर्ववत विशेष दर्शन व्यवस्था यथावत जारी रहेगी. शेष समय में सभी महिलाओं के लिए द्वार संख्या 4-बी से यह विशेष प्रवेश व्यवस्था उपलब्ध रहेगी, जिससे वे आसानी से दर्शन कर सकें.

यह भी पढ़ें: केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के निशाने पर BHU और IIT, 200 से अधिक नियुक्तियों की जांच तेज
इस बाबत काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से यह कामना की गई है कि भगवान विश्वनाथ की कृपा एवं मातृशक्ति का आशीर्वाद संपूर्ण मानवता तथा भगवान शिव के सभी भक्तों पर सदैव बना रहे. इस विशेष अवसर पर मंदिर न्यास समस्त मातृशक्ति, सनातन धर्मावलंबियों एवं भगवान विश्वनाथ के सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना करता है. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर यह विशेष आयोजन महिलाओं के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक माना जा रहा है.



