इस वायरस को लेकर वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट, बरत रहे एहतियातन उपाय

Varanasi's health department is on alert regarding this virus, taking precautionary measures.
वाराणसी: बेंगलुरु में संदिग्ध इबोला वायरस पीडित मिलने के बाद पूरे देश भर में एहतियात बरता जा रहा है. वहीं इसके प्रकोप को देखते हुए वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश प्रसाद ने बताया कि एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच के साथ-साथ विदेश से आने वाले लोगों की सख्त निगरानी की जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि वाराणसी एयरपोर्ट समेत पूरे जिले में विदेश से लौटने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है.

इबोला प्रभावित देशों से आने वाले व्यक्तियों को 21 दिनों तक सेल्फ-मानिटरिंग अनिवार्य है. कोई लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र संपर्क करें. हमने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ जिलास्तरीय चिकित्सालय को निर्देश दे दिए हैं कि संदिग्ध मरीज मिलने पर तुरंत आइसोलेशन और सैंपलिंग की व्यवस्था की जाए.

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में डेमोक्रेटिक रिपब्लिक आफ कांगो और युगांडा में फैले बुंडिबुग्यो स्ट्रेन के इबोला प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है. यही वजह है कि डब्ल्यूएचओ ने पड़ोसी देशों को स्क्रीनिंग, संपर्क ट्रेसिंग और निगरानी बढ़ाने की सलाह दी है. जिला स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट हेल्थ आफिसर को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है.
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से उतरने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य कर दी गई है. संदिग्ध लक्षण वाले यात्रियों के सैंपल पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलाजी भेजे जा रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु में युगांडा से आई महिला के मामले के बाद पूरे देश में सतर्कता बढ़ाई गई है.

Also Read: वाराणसी के लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत, तेज आंधी का अलर्ट जारी
वाराणसी में भी होटलों, गेस्ट हाउस और मेडिकल कालेज में इबोला से संबंधित प्रोटोकाल लागू कर दिए गए हैं. डॉ. राजेश प्रसाद ने आमजन से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतें. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का इस्तेमाल, हाथ धोने की आदत और लक्षण दिखने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.



