इस्तांबुल जा रही फ्लाइट के इंजन में लगी आग, की गई इमरजेंसी लैंडिंग

काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे तुर्किश एयरलाइंस के एक बड़े विमान यानि (वाइडबाडी एयरक्राफ्ट) को आज बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण अचानक कोलकाता की ओर मोड़ना पड़ा. इस विमान ने नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी ही थी कि, उसके एक इंजन में गंभीर खराबी का पता चला. पायलटों की सूझबूझ और तत्परता के कारण विमान में सवार सभी 236 यात्रियों और चालक दल के 11 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है.

कुछ समय तक होल्ड पर विमान
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, तुर्किश एयरलाइंस की उड़ान संख्या टीएचवाई-727 ने दोपहर 1.29 बजे काठमांडू से टेक-आफ किया था, आसमान में चढ़ाई के दौरान ही पायलटों को विमान के दो में से एक इंजन के काम करना बंद करने का संकेत मिला है. इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने तुरंत काठमांडू एटीसी को इस घटना की जानकारी दी और स्थिति का आकलन करने के लिए धाडिंग जिले के धरके क्षेत्र के ऊपर विमान को कुछ समय तक होल्ड पर रखा.
चालक दल ने निष्कर्ष निकाला
मामले की जांच के बाद चालक दल ने निष्कर्ष निकाला कि एक इंजन के सहारे लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान जारी रखना सुरक्षित नहीं है. हालांकि, विमान के पास काठमांडू लौटने या भैरहवा हवाई अड्डे पर उतरने का विकल्प मौजूद था, लेकिन सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देते हुए चालक दल ने कोई भी जोखिम न लेने का निर्णय लिया और विमान का रुख भारत के कोलकाता की ओर मोड़ दिया है.

कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन प्रोटोकाल के बीच विमान दोपहर 3.03 बजे हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया है. उतरने के बाद विमान की गहन तकनीकी जांच की जा रही है और यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है. विमान में कुल 236 यात्री और 11 क्रू मेंबर सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं.



