कमच्छा में अनियंत्रित थार डिवाइडर पर जा चढ़ी, राहगीरों में मची अफरा-तफरी
वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमच्छा इलाके में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बिहार नंबर BR 26 AC 5131 की एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ.

थार चालक ने खोया नियंत्रण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार काफी तेज गति में थी और चालक वाहन र नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते गाड़ी सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन सवार शराब के नशे में प्रतीत हो रहे थे और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे थे, हादसे के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन संयोग अच्छा रहा कि कोई राहगीर वाहन की चपेट में नहीं आया.
पुलिस ने कब्जे में लिया थार वाहन
इस घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया, पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Also Read: बनारस रेल इंजन कारखाना के एक अधिकारी संग छ कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कमच्छा क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, अगर वाहन चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी.



