Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

काशी को ओडिशा की संस्‍कृति से जोड़ा, तीन दिवसीय ‘ओडिशा परब’ का भव्‍य शुभारंभ

काशी को ओडिशा की संस्‍कृति से जोड़ा, तीन दिवसीय ‘ओडिशा परब’ का भव्‍य शुभारंभ
Aug 22, 2026, 09:57 AM
|
Posted By gagan arora

वाराणसी : काशी शनिवार को ओडिशा की कला, संस्कृति, शिल्प और खानपान के रंग में रंगी देखने को मिली. बड़ालालपुर के पंडित दीन दयाल व्यापार संकुल (टीएफसी) में शनिवार से तीन दिवसीय ‘ओडिशा परब’ का भव्य शुभारंभ हुआ. ओडिशा के पर्यटन विभाग की ओर से फिक्की के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, व्यंजन और पर्यटन की संभावनाओं को काशी के लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है.


उद्घाटन अवसर पर कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल को ओडिशामय बना दिया. कार्यक्रम में 125 कलाकारों ने ओडिशा की लोक और पारंपरिक संस्कृति की झलक पेश की. पशु मुखौटा नृत्य, गोटी पुअ, पाइका नृत्य और संबलपुरी नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. श्रेया पांडा के नेतृत्व में प्रस्तुत पाइका नृत्य में अखाड़ा खुर्दागढ़ की वीर परंपरा और युद्धकला की झलक देखने को मिली. पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और नृत्य की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को ओडिशा की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ा.


ओडिशा के उपमुख्यमंत्री द्वय कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परीदा ने आयोजन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया. उन्होंने कारीगरों और स्टाल संचालकों से उत्पादों की जानकारी ली. आयोजन में कुल 32 स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें 22 हस्तशिल्प और 10 व्यंजन स्टाल शामिल हैं. पट्टचित्र, ताड़पत्र नक्काशी, धोकरा, चांदी की महीन कारीगरी, हथकरघा, कोटपैड वस्त्र, पीतल-कांसा और जूट के उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं. वहीं पीठा, मिठाइयां, आलूदम, पारंपरिक स्नैक्स, बाजरा उत्पाद और कोरापुट काफी के जरिए ओडिशा के खानपान का स्वाद भी मिल रहा है.


ALSO READ : वाराणसी में हादसा: ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार सीआरपीएफ जवान घायल


तीन दिवसीय आयोजन में ओडिशा के प्रमुख पर्यटन स्थलों पुरी, कोणार्क, चिल्का, भीतरकनिका और सिमिलिपाल की झलक के साथ पर्यटन रोडशो, प्रवासी सम्मेलन और बी2बी-बी2जी सत्र भी होंगे. काशी में आयोजित यह परब ओडिशा और उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंधों को और मजबूत करने का आधार बनेगा.

पितृपक्ष 27 सितंबर से, इस बार 14 दिनों त‍क म‍िलेगी पितरों की कृपा
पितृपक्ष 27 सितंबर से, इस बार 14 दिनों त‍क म‍िलेगी पितरों की कृपा
वाराणसी : इस वर्ष पितृपक्ष का आरंभ 27 सितंबर से होगा और यह 10 अक्टूबर तक मनाया जाएगा. यानी पितरों की कृपा पाने का पक्ष इस बार 14 दिनों का होगा. साथ ही षष्ठी और सप्तमी तिथि एक ही दिन पड़ने के कारण पितृपक्ष की अवधि कम हो रही है. जिनके पिता की मृत्यु पूर्णिमा तिथि को हुई है, वे 26 सितंबर को पितृ श्राद्ध करेंगे. ख्यात ज्योतिषाचार्य पं. ऋषि द्विवेदी के अनुसार, 27 सितंबर को आश्विन कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से पितृ पक्ष की शुरुआत होगी. 2 अक्टूबर को षष्ठी और सप्तमी तिथि एक साथ आने के कारण पितृपक्ष की अवधि में कमी आ रही है. जिनके पिता की मृत्यु शस्त्र या विष से हुई हो, उनका श्राद्ध चतुर्दशी को किया जाता है.वहीं, जिनके पिता की स्वाभाविक मृत्यु चतुर्दशी को हुई हो, वे द्वादशी तिथि को श्राद्ध करेंगे. माता की मृत्यु किसी भी तिथि पर हुई हो, उनका श्राद्ध नवमी (मातृ नवमी) को करना चाहिए. इस वर्ष मातृ नवमी 4 अक्टूबर को है. पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं को अपने पितरों के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने का अवसर मिलता है. यह समय परिवार के सदस्यों के लिए एकत्रित होने और अपने पूर्वजों की याद में श्रद्धांजलि अर्पित करने का होता है. पितृपक्ष के दौरान किए गए अनुष्ठान से पितरों की कृपा प्राप्त करने की मान्यता है. इस समय श्रद्धालु अपने पितरों के लिए विशेष भोजन तैयार करते हैं और उन्हें अर्पित करते हैं. यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और इसे धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है.आनलाइन पिंडदान के लिए कर रहे संपर्कपितृपक्ष पर काशी में ई-पिंडदान कराने के लिए कर्मकांडी ब्राह्मण पैकेज दे रहे हैं. विदेशों में बैठे आस्थावानों ने अपने पितरों का श्राद्ध करने के लिए इन पुरोहितों से संपर्क करना शुरू कर दिया हैं. ब्राह्मणों ने सोशल मीडिया पर इसका प्रचार प्रसार भी शुरू कर दिया है. बता दें कि पिंडदान, तर्पण और त्रिपिंडी श्राद्ध के लिए व्यक्तिगत रूप से आने में असमर्थ आस्थावान आनलाइन अनुष्ठान कराते हैं. हाल ही में रूस की महिला ने अपने पिता और भाई का आनलाइन पिंडदान कराया था.ALSO READ : दूध प्रोटीन-एलोवेरा एंटासिड टैबलेट को भारतीय पेटेंट, बीएचयू की शोध टीम की बड़ी उपलब्धि
दूध प्रोटीन-एलोवेरा एंटासिड टैबलेट को भारतीय पेटेंट, बीएचयू की शोध टीम की बड़ी उपलब्धि
दूध प्रोटीन-एलोवेरा एंटासिड टैबलेट को भारतीय पेटेंट, बीएचयू की शोध टीम की बड़ी उपलब्धि
वाराणसी : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की शोध टीम ने दूध प्रोटीन और एलोवेरा से तैयार नवीन मिश्रित एंटासिड टैबलेट के लिए भारतीय पेटेंट हासिल किया है। भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय ने इस आविष्कार को पेटेंट संख्या 597350 प्रदान किया है। इसका आवेदन संख्या 202311057324 है।यह शोध बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान के डेयरी साइंस एंड फूड टेक्नोलॉजी विभाग में किया गया। आविष्कारक टीम में प्रो. दिनेश चन्द्र राय, प्रो. राज कुमार दुआरी, डॉ. अरविंद, डॉ. रुचि चावला, रिधि पांडे और कृष्ण कुमार शामिल हैं।शोध टीम के नेतृत्वकर्ता प्रो. दिनेश चन्द्र राय ने इस उपलब्धि को प्राकृतिक पाचन स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पेटेंट डेयरी फार्म और शोध प्रयोगशाला से निकलकर समाज के दैनिक जीवन तक पहुंचने वाले नवाचार का उदाहरण है।उन्होंने कहा कि पेटेंट मिलने के बाद इस तकनीक के क्लिनिकल परीक्षण, उत्पादन विस्तार और व्यावसायीकरण की संभावनाएं खुलेंगी। साथ ही, अम्लता की समस्या के दैनिक प्रबंधन के लिए प्रोटीन युक्त विकल्प विकसित करने की दिशा में भी यह शोध उपयोगी हो सकता है।ALSO READ : बीएचयू में 7वें बाल चिकित्सा डायलिसिस एवं चिकित्सीय एफेरेसिस मॉड्यूल का शुभारंभप्रो. राय के अनुसार, यह उपलब्धि स्वदेशी नवाचार, डेयरी उत्पादों के मूल्य संवर्धन और साक्ष्य आधारित पारंपरिक ज्ञान को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।इस उपलब्धि पर दोनों विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक समुदाय और पूर्ववर्ती छात्र संघों ने शोध टीम को बधाई दी तथा शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में टीम के योगदान की सराहना की।
बीएचयू में 7वें बाल चिकित्सा डायलिसिस एवं चिकित्सीय एफेरेसिस मॉड्यूल का शुभारंभ
बीएचयू में 7वें बाल चिकित्सा डायलिसिस एवं चिकित्सीय एफेरेसिस मॉड्यूल का शुभारंभ
वाराणसी : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS-BHU) के बाल रोग विभाग की ओर से शनिवार को सर सुंदरलाल अस्पताल के डॉक्टर्स लाउंज में 7वें बाल चिकित्सा डायलिसिस एवं चिकित्सीय एफेरेसिस मॉड्यूल फॉर इमरजेंसी (PD-TAME) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में देशभर से बाल रोग विशेषज्ञ, बाल नेफ्रोलॉजिस्ट और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ शामिल हुए।आधारशिला रीनल केयर प्रोजेक्ट और रूरल इंडिया सपोर्टिंग ट्रस्ट (RIST) के सहयोग से संचालित यह देशव्यापी क्षमता निर्माण कार्यक्रम बच्चों में गुर्दे से जुड़ी आपात स्थितियों की पहचान और उनके शुरुआती प्रबंधन के लिए चिकित्सकों को प्रशिक्षित करने पर केंद्रित है। प्रशिक्षण में बाल चिकित्सा डायलिसिस, चिकित्सीय एफेरेसिस और एक्यूट किडनी इंजरी से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण, मानकीकृत प्रोटोकॉल और केस आधारित शिक्षण शामिल है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि देश में बाल नेफ्रोलॉजिस्ट की कमी को दूर करने की आवश्यकता है। इसके लिए चिकित्सा केंद्रों में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित चिकित्सकों और डायलिसिस की बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता से कई बच्चों की जान बचाई जा सकती है और मरीजों को बड़े चिकित्सा केंद्रों तक ले जाने की जरूरत भी कम हो सकती है। उन्होंने मरीजों के उपचार में सहानुभूति और संवेदनशीलता के महत्व पर भी जोर दिया।IMS निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार ने कहा कि विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों से बाल नेफ्रोलॉजी के क्षेत्र में प्रशिक्षित विशेषज्ञों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यशाला को चिकित्सकों के ज्ञान और व्यावहारिक कौशल को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत ने बच्चों में किडनी इंजरी के मामलों के प्रबंधन के लिए उचित प्रशिक्षण की आवश्यकता बताई। उन्होंने पेरिटोनियल डायलिसिस और हीमोडायलिसिस के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रक्रिया आधारित यह प्रशिक्षण स्वास्थ्यकर्मियों के व्यावहारिक कौशल को मजबूत करने में मदद करेगा।कार्यक्रम का नेतृत्व प्रो. ओ.पी. मिश्रा, एमेरिटस प्रोफेसर, बाल रोग विभाग, हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, वाराणसी तथा वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ एवं बाल नेफ्रोलॉजिस्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्नातकोत्तर बाल रोग विशेषज्ञों को हीमोडायलिसिस और चिकित्सीय एफेरेसिस की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए, क्योंकि गंभीर रूप से बीमार बच्चों के उपचार में ये महत्वपूर्ण जीवनरक्षक कौशल हैं।PD-TAME के कोर्स निदेशक प्रो. अभिजीत साहा ने पेरिटोनियल डायलिसिस और हीमोडायलिसिस में अधिक संख्या में बाल रोग विशेषज्ञों को प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रथम स्तर पर इन क्षमताओं का विकास बच्चों में गुर्दे से जुड़े विकारों के समयबद्ध प्रबंधन में मददगार होगा और महानगरों के उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफरल की आवश्यकता कम हो सकती है।आधारशिला रीनल केयर प्रोजेक्ट की ट्रस्टी नीना जॉली ने कहा कि बाल नेफ्रोलॉजी में शुरुआती स्तर पर छूट जाने वाली समस्या बाद में जटिल रूप ले सकती है। ऐसे में प्रथम स्तर पर मरीज को देखने वाले स्वास्थ्यकर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी संकेतों की पहचान, उचित उपचार की शुरुआत और मरीज को सही चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने के लिए प्रथम स्तर के स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।ALSO READ : शारदीय नवरात्र 11 अक्‍टूबर से, भगवती का हाथी पर हो रहा आगमन, 10 दिनी होगा महापर्व...कार्यशाला में एक्यूट पेरिटोनियल डायलिसिस, हीमोडायलिसिस, हीमोडायफिल्ट्रेशन, चिकित्सीय एफेरेसिस, ऑटोमेटेड पेरिटोनियल डायलिसिस, प्वाइंट ऑफ केयर अल्ट्रासोनोग्राफी और वैस्कुलर एक्सेस से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।कार्यक्रम में बाल रोग विभागाध्यक्ष प्रो. अंकुर सिंह ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि आयोजन सचिव प्रो. अभिषेक अभिनव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।