25 हजार का इनामी दुष्कर्म आरोपी कौशल राव गिरफ्तार, लोहता पुलिस की बड़ी कार्रवाई...

वाराणसी : दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को लोहता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी.
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहता थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त कौशल राव को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त को 4 जुलाई की सुबह थाना क्षेत्र के सिटकवा बाबा मंदिर के पास से मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया.
आरोपी कौशल राव पर दुष्कर्म सहित मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है. पीड़िता की ओर से 18 जून 2026 को लोहता थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
शिकायत के अनुसार, 15 जून की रात आरोपी जबरन घर में घुस गया था. उस पर परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज, युवती के साथ दुष्कर्म, छेड़खानी, जहर पिलाने का प्रयास और हाथ काटने की कोशिश करने का आरोप है.
ALSO READ : यूपी एसटीएफ को चकमा नहीं दे सका बलिया का इनामी बदमाश, बनारस स्टेशन से गिरफ्तार...
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधिकारियों ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां के नेतृत्व में लोहता थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.



