काशी में भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से अधिवक्ता नाराज, धीरेंद्र शास्त्री के पाेस्टर जलाए

वाराणसी : भगवान श्रीकृष्ण पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के विरोध में कचहरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अधिवक्ताओं और युवाओं ने प्रदर्शन किया. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री का पोस्टर जलाया और विरोध में नारे लगाए. साथ ही पुलिस कमिश्नर से मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए तहरीर दी. फिलहाल काशी में धीरेंद्र शास्ती का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अधिवक्ता आलोक सौरभ ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने व्यासपीठ पर बैठकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को ‘खेल’ बताया और भगवान को बांटने का काम किया है. इससे करोड़ों सनातनियों की आस्था को चोट पहुंची है. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस आयुक्त वाराणसी को तहरीर दी है. उन्होंने मांग की है कि धीरेंद्र शास्त्री कोर्ट में आकर माफी मांगें, तभी माफी स्वीकार होगी.
ALSO READ : काशी में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- 'अंगद का पैर' धर्म और सत्य का प्रतीक, सत्ता का नहीं
इस दौरान उनके साथ सुनील यादव, आनंद यादव, संदीप यादव समेत कई लोग मौजूद रहे. बता दें कि हाल में ही धीरेंद्र शास्त्री का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने श्रीकृष्ण और श्रीराम को लेकर तुलना की थी, बाद में उन्होंने माफी का भी वीडियो जारी किया था, लेकिन अधिवक्ताओं का कहना है कि माफी व्यासपीठ से ही मांगनी चाहिए, सोशल मीडिया से नहीं. बता दें कि एक दिन पूर्व समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में धीरेंद्र शास्त्री का पुतला दहन भी किया था. बातचीत में कहा कि कथा के नाम पर वह समाज को बांटने का काम कर रहे हैं. हम और लाखों सनातनी इस बयान से आहत है.



