लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास का संदेश लेकर ABVP ने निकाली तिरंगा यात्रा

वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास का संदेश देने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा निकाली। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से शुरू हुई यह यात्रा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक पहुंचने के लिए निकाली गई। यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और व्यवस्था के प्रति अपनी आस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस दौरान ABVP के प्रांत मंत्री शिवम सिंह ने कहा कि देश के युवाओं और विद्यार्थियों का लोकतंत्र तथा संवैधानिक व्यवस्था पर अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसी विश्वास को प्रदर्शित करने के लिए विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं।
शिवम सिंह ने आरोप लगाया कि देश में संवैधानिक संस्थाओं और व्यवस्थाओं को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद ऐसे प्रयासों के विरोध में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है और शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखे गए विचारों का सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वाली गतिविधियों का विद्यार्थी परिषद विरोध करेगी।
ALSO READ : वाराणसी में पुलिस के पीछा करने पर पिकअप छोड़ कर चालक फरार, सात मवेशी बरामद
ABVP प्रांत मंत्री ने युवाओं से देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद आगे भी इन मुद्दों को लेकर सक्रिय रहेगी।



