मेयर के साथ कारपूलिंग करते डोमरी पहुंचे 110 पार्षद, पौधों का किया निरक्षण...

वाराणसी: डोमरी (सुजाबाद) में मियावाकी तकनीक से लगाए गए पौधों के निरीक्षण के लिए सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी 110 पार्षदों के साथ पहुंचे. मेयर के साथ कारपूलिंग करते हुए पहुंचे पार्षदों ने ढाई महीने पहले लगाए गए पौधों की प्रगति का जायजा लिया और उनकी बढ़त देखकर खुशी जताई.
पार्षद उपसभापति नरसिंह बाबा ने बताया कि 1 मार्च को नगर निगम द्वारा डोमरी में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया था और अब ढाई महीने बाद सभी पार्षद अपने हाथों से लगाए पौधों को देखकर उत्साहित हैं.उन्होंने कहा कि पौधों की बढ़त उम्मीद से बेहतर है और मेहनत का परिणाम साफ दिखाई दे रहा है.
गौरतलब है कि 1 मार्च को नगर निगम ने डोमरी में करीब एक घंटे के भीतर 2.51 लाख पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था.उस समय पौधों के संरक्षण और उनके जीवित रहने को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन सोमवार के निरीक्षण में तस्वीर बदली नजर आई.
करीब 350 बीघे में विकसित हो रहा मियावाकी वन अब तेजी से आकार लेने लगा है.महज ढाई महीने में कई पौधे तीन से पांच फीट तक बढ़ चुके हैं. कई पौधों में कलियां और फूल दिखाई दिए, जबकि क्षेत्र में पक्षियों की चहचहाहट ने हरियाली की मौजूदगी को और मजबूत किया.
वन क्षेत्र की सुरक्षा और सिंचाई के लिए रेनगन स्प्रिंकलर, 25 सीसीटीवी कैमरे, 20 हाईमास्ट लाइटें और सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं .यहां शीशम, सागौन, अर्जुन सहित 27 देशी प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं.
महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. निरीक्षण के दौरान कई पार्षद और नगर निगम अधिकारी मौजूद रहे.



