वाराणसी के कृष्णा अपार्टमेंट में भीषण आग, तीसरी से पांचवीं मंजिल तक पहुंचीं लपटें, महिला झुलसी

वाराणसी: चेतमणि चौराहे के निकट जवाहर नगर कॉलोनी स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अपार्टमेंट के तीसरे तल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में इसकी लपटें तीसरी मंजिल से चौथी मंजिल के डक्ट के रास्ते पांचवीं मंजिल तक पहुंच गईं। बहुमंजिला इमारत में आग फैलने से वहां रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अज्ञात कारणों से लगी। घटना के समय फ्लैट के मकान मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चौथी मंजिल के डक्ट के माध्यम से पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। इस दौरान पांचवीं मंजिल पर रहने वाली एक महिला आग की चपेट में आकर झुलस गईं। उनके साथ उनके पुत्र और पुत्री भी मौजूद थे। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए बीएचयू अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
ALSO READ: काशी में देखने को मिलेंगे दुनिया के अजूबे, करोड़ों होंगे खर्च
बहुमंजिला अपार्टमेंट में आग लगने की इस घटना से आसपास के इलाके में भी हड़कंप की स्थिति रही। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



