नगर निगम की बड़ी पहल: छह महीने में घर बैठे मुफ्त डाउनलोड होगा ऑनलाइन पीला कार्ड…

वाराणसी : नगर निगम ने संपत्तियों के नामांतरण (म्यूटेशन) और पीला कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है.नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले छह महीने के भीतर पीला कार्ड पूरी तरह ऑनलाइन और निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. इसके बाद लोगों को पीला कार्ड बनवाने के लिए नगर निगम मुख्यालय या जोनल कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद कोई भी व्यक्ति घर बैठे ऑनलाइन पीला कार्ड डाउनलोड कर सकेगा. फिलहाल पीला कार्ड के लिए नगर निगम में 55 रुपये शुल्क जमा करना पड़ता है.नई व्यवस्था का उद्देश्य नामांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना और भ्रष्टाचार की शिकायतों पर रोक लगाना है.
बैठक में शहर से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए.मानसून के दौरान जलजमाव की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नगर निगम मुख्यालय में केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा.इसके साथ ही राजघाट से अस्सी घाट तक के 25 वार्डों में शिकायतों के समाधान की नई व्यवस्था शुरू होगी, जिसमें दर्ज शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में करने का लक्ष्य रखा गया है.
इसके अलावा कार्यकारिणी ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण की नई नियमावली-2026 को भी मंजूरी दी. नए प्रावधानों के अनुसार अस्पतालों को जन्म और मृत्यु से संबंधित जानकारी तय समयसीमा के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध करानी होगी. वहीं शिवपुर सहित तीन स्थानों पर फल मंडी विकसित करने, शहर में छह-छह फीट ऊंचे पौधे लगाने और नगर निगम की विभिन्न परियोजनाओं के लिए विशेषज्ञों की नियुक्ति के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी.
ALSO READ : काशी से अमरनाथ यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना...
नगर निगम का कहना है कि इन फैसलों से नागरिक सेवाएं अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक होंगी तथा लोगों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.



