यात्रियों को बड़ी राहत: मुंबई–बनारस एक्सप्रेस का वाराणसी जंक्शन पर होगा ठहराव, 21 सितंबर से लागू होगी नई व्यवस्था...

वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. रेलवे ने 22177/22178 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–बनारस–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस का वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव देने का फैसला किया है. यह नई व्यवस्था 21 सितंबर 2026 से लागू होगी, जिससे वाराणसी जंक्शन से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.

रेलवे प्रशासन के अनुसार, 22177 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–बनारस एक्सप्रेस 21 सितंबर 2026 से वाराणसी जंक्शन स्टेशन पर प्रातः 3:22 बजे पहुंचेगी तथा 3:27 बजे यहां से बनारस के लिए रवाना होगी. वहीं, वापसी दिशा में 22178 बनारस–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस 21 सितंबर 2026 से सुबह 9:40 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी और 9:45 बजे अपने अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान करेगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक (ट्रायल) आधार पर दिया जा रहा है. इस दौरान यात्रियों की संख्या, मांग और परिचालन व्यवस्था का आकलन किया जाएगा. यदि ठहराव के सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं तो भविष्य में इसे नियमित किए जाने पर भी विचार किया जा सकता है.
इस निर्णय से विशेष रूप से वाराणसी जंक्शन से मुंबई और मध्य भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा. अब उन्हें इस ट्रेन में यात्रा करने के लिए दूसरे स्टेशनों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और सुविधा दोनों की बचत होगी.
ALSO RAD:लंबे समय का इंतजार खत्म, जीएसटी विवादों की सुनवाई जल्द होगी शुरू...
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप ट्रेनों के संचालन और ठहराव की समीक्षा कर रहा है. इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए वाराणसी जंक्शन पर इस ट्रेन का प्रायोगिक ठहराव प्रदान किया गया है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और अन्य जानकारी की पुष्टि अवश्य कर लें.



