लोहता अंडरपास के पास भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

वाराणसी : लोहता थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेवसीपुर के समीप रिंग रोड फेज-2 अंडरपास के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में खेवसीपुर गांव निवासी 23 वर्षीय चंदन पटेल की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर मारने वाली अज्ञात कार दूल्हे की कार बताई जा रही है, जो हादसे के तुरंत बाद तेज गति से निकल गई. मृतक चंदन पटेल, चंद्रशेखर पटेल और गीता देवी के पुत्र थे. वे दो भाइयों में छोटे थे और परिवार में उनकी एक बहन भी है.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां युवक का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना पाकर पहुंची लोहता पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के मार्गों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार और चालक की तलाश शुरू कर दी है. हादसे के बाद मौके पर जाम की स्थिति बन गई. पुलिस ने समझाकर लोगों को हटाया. इसके बाद यातायात सुचारू हो सका.

कार ने ली महिला की जान
रोहनिया थाना क्षेत्र के लठिया हाईवे पर रविवार शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क पार कर रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई. मृतका की पहचान लठिया निवासी घूरेलाल की पत्नी सुगरा देवी (45) के रूप में हुई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना के बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया गया.



