इमरजेंसी में कैसे बचेंगी जानें? इंडियन ऑयल प्लांट में DM की मौजूदगी में हुआ मेगा मॉक ड्रिल

वाराणसी:- इंडियन आयल के बाबतपुर स्थित प्लांट में आपात काल और हमले की परिस्थितियों में हालात से निबटने की परीक्षा में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान सफल हो गए. हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजते ही सुरक्षा की दृष्टिगत प्लांट में चहुंओर अंधेरा (ब्लैक आउट) कर दिया गया. इसके बाद सुरक्षाकर्मी आग की लपटों से जूझते हुए ध्वस्त इमारतों में फंसे लोगों को निकाल लाए. माक ड्रिल के समय मौजूद रहे डीएम सत्येंद्र कुमार के चेहरे पर सुकून के भाव दिखे. कुछ ऐसा कि दुस्साहस का जवाब देने में उनका तंत्र पूर्णतया सक्षम हैं.
Also Read:- देव दीपावली पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग बंद, 15 दिन में UPI से भक्तों ने चढ़ाया दान
रविवार शाम छह बजे बाटलिंग प्लांट में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बरेका, पुलिस, इंडियन आयल, नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन विभाग की टीमों ने आपात स्थिति में निबटने की तैयारियों का अभ्यास किया. हमले की चेतावनी का सायरन बजा ही था कि पूरा तंत्र हरकत में आ गया. पलांट की बिजली गुल कर दी गई. हमले चेतावनी समाप्त होने के बाद बचाव कार्य शुरू हुआ. नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने छोटी आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर और बड़ी आग पर बुझाने को अग्निशमन विभाग के फायर टेंडर का इस्तेमाल प्रदर्शित किया.
सिलिंडर और तेल में लगी आग बुझाने का तरीका भी बताया गया. सुरक्षाकर्मियों ने क्षतिग्रस्त इमारतों की दीवारों को काटकर लोगों को सुरक्षित निकाला. बरेका की टीम ने रस्सी से घायलों को इमारतों से उतारा और चिकित्सा टीम ने उन्हें अस्पताल भेजा. इस दौरान डीसीपी सुरक्षा अनिल कुमार यादव, एडीसीपी गोमती नृपेंद्र, एसडीएम कुंदन राज कपूर, बरेका के उप महाप्रबंधक नीरज गुप्ता और आइओसी के मुख्य प्रबंधक सुभाष भाटी, अग्निशमन विभाग के दीपक सिंह, चिकित्सा विभाग से मनोज कुमार सिंह, एनडीआरएफ से रामभुवन और एसडीआरएफ से रविशंकर यादव, नागरिक सुरक्षा के उपनियंत्रक जेडी सिंह, डा. अंकुर चड्ढा, डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय, चीफ वार्डेन विनोद गुप्ता आदि मौजूद रहे.



