देव दीपावली पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग बंद, 15 दिन में UPI से भक्तों ने चढ़ाया दान

वाराणसी : श्री काशी विश्वनाथ धाम में देव दीपावली के दिन सुगम दर्शन के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग रोक दी गई है. मंदिर न्यास की ओर से आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी दी गई है कि 24 नवंबर को भारी भीड़ के चलते बुकिंग स्थगित कर दी गई है, जबकि सोमवार के दो छोड़कर सभी स्लॉट रविवार रात आठ बजे तक बुक हो गए थे.
मंगला आरती के लिए टिकट नहीं है. नवंबर में 900 से ज्यादा भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के नाम 20 लाख रुपये यूपीआई किया है. इसमें पिछले 15 दिनों में 868 भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के धाम में 12.51 लाख रुपये का यूपीआई किया. अधिकतम 3.30 लाख रुपये और औसतन 1441 रुपये थे. इस पूरे महीने 35 भक्तों ने न्यास के अन्न क्षेत्र को 8.25 लाख रुपये का दान किया.

आईआईटी सेमेस्टर परीक्षा, यूपीएससी के नाम भी दान
जगदीश झा नाम के भक्त ने वैदिक शिक्षा का आशीर्वाद मांगकर बाबा विश्वनाथ को 1100 रुपये का यूपीआई किया. आईआईटी कानपुर में सेमेस्टर परीक्षा और उच्च शिक्षा के लिए आशी परमार और सुहार्थी नाम के भक्तों ने 501-501 रुपये का ऑनलाइन डोनेशन किया. एक भक्त ने अपनी बेटी की यूपीएससी परीक्षा के लिए बाबा से कामना कर 501 रुपये का दान किया. एक भक्त ने बेहतर शिक्षा और दूसरे ने बेटी की अच्छी शिक्षा के लिए दान कर आशीर्वाद मांगा. एक भक्त ने स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों की बेहतरी कामना की. सेमेस्टर परीक्षाओं और यूपीएससी के साथ ही अस्पताल में बेहतर इलाज की कामना से भक्त यूपीआई कर रहे हैं.



